व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर, 29 सितंबर। विमेंस कॉलेज, समस्तीपुर में मंगलवार को श्री अन्न (मिलेट) और स्वस्थ खानपान को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. राजेश कुमार रंजन के निर्देश पर गृहविज्ञान विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का विषय ‘हमारे जीवन में अन्न की उपयोगिता’ रखा गया।
कार्यक्रम का संचालन गृहविज्ञान विभाग की डॉ. कुमारी माधवी एवं डॉ. रेखा कुमारी ने किया। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. ऋषि कुमार पटेल, विपणन निदेशक, पोषण आहार मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में दैनिक जीवन में खानपान के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि आज के समय में असाध्य रोगों के बढ़ने के पीछे पारंपरिक खानपान से दूरी भी एक कारण है। भारतीय खानपान की परंपरा में मोटे अनाज यानी मिलेट का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। श्री अन्न को नियमित आहार में शामिल करने से संतुलित और पौष्टिक भोजन की आदत को बढ़ावा दिया जा सकता है।
मिलेट को बताया पौष्टिक आहार
गृहविज्ञान की शिक्षिका डॉ. रेखा कुमारी ने श्री अन्न को ‘सुपरफूड’ बताते हुए कहा कि मिलेट स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी होता है। इसे दैनिक भोजन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सकता है।
वहीं डॉ. कुमारी माधवी ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार जरूरी है। श्री अन्न को भोजन में शामिल करना इस दिशा में उपयोगी कदम हो सकता है।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने कार्यक्रम की गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर गृहविज्ञान विभाग की शिक्षिकाएं डॉ. संगीता कुमारी एवं डॉ. आभा कुमारी भी उपस्थित रहीं।


*2 अक्टूबर को फतेहपुर पंचायत भवन पर होगा खेग्रामस का धरना-प्रदर्शन – Doorbeen News*
2 अक्टूबर को फतेहपुर पंचायत भवन पर होगा खेग्रामस का धरना-प्रदर्शन










