कल्याणपुर में निजी अस्पतालों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो OT सील

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

समस्तीपुर, 24 सितंबर 2026। कल्याणपुर प्रखंड क्षेत्र में निजी अस्पतालों के संचालन को लेकर मिली सूचना के बाद प्रशासन ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार के नेतृत्व में शांति इमरजेंसी हॉस्पिटल, पूसा रोड, कल्याणपुर की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अस्पताल संचालन से संबंधित आवश्यक वैध कागजात, चिकित्सक और पर्याप्त नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध नहीं पाए गए।

जांच के दौरान अस्पताल में एक प्रसूता का सिजेरियन ऑपरेशन किए जाने की जानकारी भी सामने आई। वहीं नवजात बच्चे को उपचार के लिए भारत चाइल्ड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने इलाज के नाम पर करीब 50 से 60 हजार रुपये लिए जाने का आरोप लगाया।

दोनों ऑपरेशन थिएटर किए गए सील

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ राकेश कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शांति इमरजेंसी हॉस्पिटल के दोनों ऑपरेशन थिएटर (OT) को सील कर दिया। प्रशासनिक टीम ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और उसके संचालन से संबंधित अन्य बिंदुओं की भी जांच की।

इसके बाद टीम ने भारत चाइल्ड हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया। यहां NICU में पांच नवजात बच्चों के भर्ती होने की जानकारी मिली। प्रशासन के अनुसार जांच के दौरान बच्चों के उपचार के लिए कोई विशेषज्ञ शिशु रोग चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। गंभीर स्थिति वाले बच्चों का उपचार एक आयुष चिकित्सक द्वारा किए जाने की जानकारी भी सामने आई।

इस मामले में भी प्रशासन ने आवश्यक जांच एवं आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

निजी अस्पतालों की लगातार होगी जांच

निरीक्षण के दौरान एसडीओ राकेश कुमार के अलावा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कल्याणपुर समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

एसडीओ ने स्पष्ट किया कि प्रखंड क्षेत्र में संचालित निजी अस्पतालों की वैधता, आवश्यक दस्तावेज, चिकित्सकीय व्यवस्था, स्टाफ की उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जांच आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित निजी अस्पतालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।

*पीके ने समस्तीपुर नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ मामले पर सरकार को घेरा – Doorbeen News*

पीके ने समस्तीपुर नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ मामले पर सरकार को घेरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *