व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 की अधिसूचना जारी होने के बाद समस्तीपुर में चुनावी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक हुई। इसमें निर्वाचन के लिए गठित विभिन्न कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में डीएम ने सभी कोषांगों की तैयारियों और अब तक किए गए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश और निर्धारित समय-सीमा का अक्षरश: पालन करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि चुनाव से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूरी होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कर्मियों की प्रतिनियुक्ति से लेकर वाहनों और सामग्री की व्यवस्था पर जोर
डीएम ने कार्मिक कोषांग को आवश्यकता के अनुसार कर्मियों की उपलब्धता, प्रतिनियुक्ति और प्रशिक्षण की प्रक्रिया समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। वहीं परिवहन कोषांग को चुनाव कार्य के लिए पर्याप्त वाहनों की उपलब्धता और उनके समुचित उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
सामग्री कोषांग को निर्वाचन से जुड़ी आवश्यक सामग्री की उपलब्धता, सुरक्षित भंडारण और निर्धारित समय पर वितरण की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। वहीं प्रेक्षक कोषांग को निर्वाचन प्रेक्षकों से संबंधित सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया।
मीडिया कोषांग को निर्वाचन से संबंधित महत्वपूर्ण और अधिकृत सूचनाओं का समयबद्ध तरीके से प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। निर्वाचन कोषांग को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी प्रक्रियाओं का समन्वय करते हुए कार्यों को समय पर पूरा करने को कहा गया।
सभी कोषांगों में बेहतर समन्वय रखने का निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ निर्वहन करें।
बैठक में डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह, एडीएम ब्रजेश कुमार, एडीएम आपदा प्रबंधन राजेश सिंह सहित विभिन्न कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्मिक कोषांग के प्रभारी धर्मराज, परिवहन कोषांग के प्रभारी प्रवीण कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, सामग्री कोषांग के प्रभारी अली एकराम, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, प्रेक्षक कोषांग के प्रभारी रजनीश कुमार राय, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी तथा निर्वाचन कोषांग के प्रभारी उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार समेत संबंधित अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।



*जमुई के बाद समस्तीपुर में भी लड़की से छेड़खानी का वीडियो वायरल, पुलिस ने 4 युवकों को हिरासत में लिया – Doorbeen News*
जमुई के बाद समस्तीपुर में भी लड़की से छेड़खानी का वीडियो वायरल, पुलिस ने 4 युवकों को हिरासत में लिया









