व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर वार्ड 39 में बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब छह लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के समय गृहस्वामिनी अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रिश्तेदार के घर गई हुई थीं। सोमवार रात वापस लौटने पर कमरे का दरवाजा खुला और सामान बिखरा मिलने के बाद चोरी का पता चला।
इस संबंध में अमरजीत कुमार शर्मा की पत्नी आरती कुमारी ने मुफ्फसिल थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के अनुसार, आरती कुमारी 1 सितंबर को अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ चकसिकंदर स्थित रिश्तेदार के घर गई थीं। घर के कमरे में ताला लगा हुआ था।
कमरे का दरवाजा खुला मिला, सामान था बिखरा
सोमवार रात परिवार के साथ वापस लौटने पर कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर सामान अस्त-व्यस्त देखकर परिवार को चोरी की आशंका हुई। सामान की जांच करने पर सोने और चांदी के कई आभूषण गायब मिले।
आरती कुमारी ने पुलिस को बताया कि चोर करीब चार भर सोने के आभूषण ले गए हैं। इनमें सोने की चेन, जितिया, ढोलना और चकती शामिल हैं। इसके अलावा 22 और 18 भर की चांदी की दो जोड़ी पायल भी चोरी होने की बात कही गई है। पीड़िता ने चोरी गए आभूषणों समेत कुल नुकसान का अनुमान करीब छह लाख रुपये बताया है।
चोरी के बाद देवर-देवरानी से विवाद का भी आरोप
पीड़िता ने आवेदन में बताया है कि चोरी की जानकारी मिलने के बाद उसने अपने देवर और देवरानी से इस संबंध में पूछताछ की। आरोप है कि पूछताछ के दौरान दोनों गाली-गलौज करने लगे और मारपीट पर उतारू हो गए। इसके बाद आरती कुमारी ने थाने पहुंचकर चोरी के साथ विवाद को लेकर भी पुलिस को शिकायत दी।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच
मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच की। पीड़िता के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।


*बाढ़ के पानी में डूबने से दो बच्चों और 85 वर्षीय वृद्धा की मौत, मदुदाबाद में पसरा मातम – Doorbeen News*
बाढ़ के पानी में डूबने से दो बच्चों और 85 वर्षीय वृद्धा की मौत, मदुदाबाद में पसरा मातम









