दिवंगत शिक्षक के परिजनों को शिक्षकों ने दी 1.11 लाख रुपये की सहायता राशि

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत घिवाही पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बन्दा कॉलोनी के नियोजित शिक्षक टुनटुन मलिक के निधन के बाद मंगलवार को शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार की ओर से उनके परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। बीते 29 अगस्त को शिक्षक टुनटुन मलिक के निधन से शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों ने आपसी सहयोग से सहायता राशि एकत्रित की।

बीईओ रामजन्म सिंह एवं पूर्व बीआरपी सह प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह के नेतृत्व में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने दिवंगत शिक्षक के घर पहुंचकर उनकी पत्नी रीता देवी तथा पुत्र चंदन मलिक एवं राजा मलिक को कुल 1 लाख 11 हजार रुपये की नकद सहायता राशि प्रदान की। इस दौरान शिक्षकों ने परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सहायता राशि मिलने पर परिजनों ने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

बीईओ रामजन्म सिंह ने कहा कि शिक्षक टुनटुन मलिक के असामयिक निधन से शिक्षा विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर से मिलने वाली जो भी सरकारी सहायता राशि एवं अन्य देय लाभ हैं, उन्हें जल्द से जल्द दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तत्काल परिवार की मदद के उद्देश्य से प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों ने आपसी सहयोग से 1 लाख 11 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई है। संकट की इस घड़ी में शिक्षकों का परिवार के साथ खड़ा होना मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है।

सहायता राशि जुटाने में उत्क्रमित मध्य विद्यालय कलवारा, मध्य विद्यालय दसौत, प्राथमिक विद्यालय जगदर, मध्य विद्यालय लक्ष्मीनिया, उत्क्रमित मध्य विद्यालय सरहिला, उत्क्रमित मध्य विद्यालय परसा, मध्य विद्यालय बुनियादपुर, मध्य विद्यालय छतौनी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय चितौड़ बेला, मध्य विद्यालय बन्दा कन्या, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बन्दा कॉलोनी, प्राथमिक विद्यालय भिखमचक सहित अन्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक रामनाथ पंडित, मृत्युंजय कुमार राय, विकेश कुमार सिंह, पारसनाथ महाराज, रामनाथ राय, शांति भूषण, विनोद झा, दिलीप ठाकुर, कुमार रंजीत, अमरेंद्र कुमार, चंद्र नारायण पासवान, प्रवीण कुमार, बिंदेश्वर सिंह, अजय कुमार सिंह, दिलीप कुमार, रंजीत कुमार शर्मा, अरुण कुमार पासवान, सुदर्शन प्रसाद कुमार, रवि रंजन, बिहारी दास सहित कई शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक मौजूद रहे।

शिक्षकों ने कहा कि दिवंगत शिक्षक टुनटुन मलिक के परिवार के साथ शिक्षा विभाग एवं विद्यालय परिवार आगे भी यथासंभव सहयोग करता रहेगा। मौके पर मौजूद शिक्षकों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य रखने की कामना की।

*पंचायत चुनाव की तैयारी: समस्तीपुर में परिसीमन शुरू, 10 सितंबर तक 7,711 ईबी होंगे मार्क – Doorbeen News*

पंचायत चुनाव की तैयारी: समस्तीपुर में परिसीमन शुरू, 10 सितंबर तक 7,711 ईबी होंगे मार्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *