व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करे
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत घिवाही पंचायत के कामेश्वर नगर हेलीपैड परिसर में श्री श्री 108 श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर नवयुवक संघ कामेश्वर नगर के नेतृत्व में मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र में पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवाओं ने कार्यक्रम में पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन पंचायत के मुखिया दुखा मुखिया ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। इसके बाद मटका फोड़ प्रतियोगिता शुरू हुई।
प्रतियोगिता में दरभंगा जिले के बिरौल प्रखंड अंतर्गत देकुली धाम एवं संघा की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मटका फोड़ने के लिए अपनी पूरी ताकत और कौशल का प्रदर्शन किया। मुकाबले के दौरान परिसर में मौजूद दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला और प्रतिभागियों का तालियों से हौसला बढ़ाया गया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए देकुली धाम की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि संघा की टीम उपविजेता रही।


प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद समिति की ओर से विजेता एवं उपविजेता टीम को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली देकुली धाम की टीम को 2100 रुपये नकद एवं शील्ड प्रदान किया गया। वहीं उपविजेता संघा टीम को 1500 रुपये नकद एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित मटका फोड़ प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में आपसी भाईचारा, सहयोग एवं खेल भावना को बढ़ावा देना भी है। प्रतियोगिता में स्थानीय ग्रामीणों के साथ आसपास के क्षेत्रों से आए युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों और युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्सवी माहौल बना रहा। समिति ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मौके पर अमित यादव, धातु पासवान, अरविंद कुमार बबलू, गणेश पासवान, शिवशंकर कुमार, अजीत कुमार सिंह, श्यामशंकर पासवान, राजा कुमार मंडल, विनोद मंडल, विवेक पोद्दार, सुजीत शर्मा, राजा शर्मा, बजरंगी मंगल, संतोष कुमार, गोविंद मंडल, विकास ठाकुर, सरोज पासवान, गोविंद पासवान, भातू पासवान सहित अन्य मौजूद थे।


*ई-रिक्शा की चार बैटरियां चोरी, चालक ने रोसड़ा थाने में दिया आवेदन – Doorbeen News*
ई-रिक्शा की चार बैटरियां चोरी, चालक ने रोसड़ा थाने में दिया आवेदन






