व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर : राज्य कर आयुक्त के निर्देश पर जीएसटी विभाग की टीम ने शनिवार को रोसड़ा में छड़, सीमेंट समेत भवन निर्माण सामग्री का कारोबार करने वाले व्यवसायियों के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। विभाग की कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने कारोबार से संबंधित दस्तावेज, लेखा-पुस्तक और लेन-देन का जायजा लिया।
कार्रवाई का नेतृत्व जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर अफजल हसनैन ने किया। उनके साथ डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार, असिस्टेंट कमिश्नर दिव्य प्रकाश और असिस्टेंट कमिश्नर सरिता कुमारी शामिल थीं। विभागीय अधिकारियों ने कारोबार से जुड़े विभिन्न अभिलेखों की जांच की और वास्तविक कारोबार तथा रिकॉर्ड में दर्ज विवरण का मिलान किया। विभागीय सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में कुछ कारोबारियों की लेखा-पुस्तकों में दर्ज टर्नओवर और वास्तविक कारोबार के बीच काफी अंतर सामने आया है।


हालांकि, जांच पूरी होने और दस्तावेजों का विस्तृत मिलान किए जाने के बाद ही संभावित कर चोरी की वास्तविक राशि स्पष्ट हो सकेगी। राज्य कर संयुक्त आयुक्त कृष्णा मोहन सिंह ने बताया कि भवन निर्माण सामग्री के कारोबार में विभाग की विशेष निगरानी है। खासकर ऐसे आपूर्तिकर्ताओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, जिनके फर्जी बिल ट्रेडिंग में शामिल होने की आशंका है। नियमित रूप से टैक्स का भुगतान नहीं करने वाले बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर्स के कारोबार की भी जांच की जा रही है।
अधिकारी के अनुसार, संदिग्ध कारोबारियों के खातों और लेन-देन का नियमित रूप से विश्लेषण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मिले दस्तावेजों, कारोबारी रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य वास्तविक कारोबार के अनुरूप टैक्स सुनिश्चित करना और कर चोरी पर अंकुश लगाना है। राज्य कर संयुक्त आयुक्त ने व्यापारियों और ठेकेदारों से कारोबार का सही विवरण विभाग को उपलब्ध कराने तथा निर्धारित समय पर टैक्स का भुगतान करने की अपील की है।


*खेल के उत्साह और शिक्षक सम्मान के साथ विमेंस कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस–2026 का भव्य समापन – Doorbeen News*
खेल के उत्साह और शिक्षक सम्मान के साथ विमेंस कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस–2026 का भव्य समापन








