व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
उजियारपुर। भाकपा माले के समर्पित एवं संघर्षशील कार्यकर्ता दिवंगत मोहन पासवान उर्फ राजेन्द्र पासवान की स्मृति में शनिवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। भाकपा माले उजियारपुर प्रखंड के हरपुर रेवाड़ी पंचायत में आयोजित इस सभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और परिजनों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा का आयोजन उनके आवास परिसर में शाखा सचिव निर्धन शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला स्थायी समिति सदस्य महावीर पोद्दार ने कहा कि मोहन पासवान करीब 25 वर्ष पूर्व भाकपा माले से जुड़े थे और जीवन के अंतिम क्षण तक पार्टी की विचारधारा, सामाजिक परिवर्तन तथा शोषणमुक्त समाज के निर्माण के लिए संघर्षरत रहे।



उन्होंने कहा कि साथी मोहन पासवान ने मजदूरों, गरीबों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई में हमेशा सक्रिय भूमिका निभाई। पार्टी द्वारा चलाए गए विभिन्न आंदोलनों और जनसंघर्षों में उनकी महत्वपूर्ण भागीदारी रही। उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है और मजदूर वर्ग ने अपना एक सच्चा हितैषी एवं संघर्षशील साथी खो दिया है।
श्रद्धांजलि सभा से पूर्व उपस्थित लोगों ने दिवंगत मोहन पासवान के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभा में उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने उनके सामाजिक योगदान और संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया।
इस अवसर पर भाकपा माले के वरिष्ठ नेता महावीर पोद्दार, प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान, दिलीप कुमार राय, कपिलेश्वर पासवान, राम बाबू पासवान, राज कुमार दास, संजय पासवान, धर्मेंद्र पासवान, ललिता देवी, तीला देवी, रानी देवी, राजू पासवान, बहोरण रजक, अरुण मालाकार, राम प्रसाद साह सहित अनेक कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं परिजन उपस्थित रहे।



*चेतावनी मार्च निकालकर 45 दिन के बजाय 25 दिन में गैस सिलिंडर देने की मांग की – Doorbeen News*
चेतावनी मार्च निकालकर 45 दिन के बजाय 25 दिन में गैस सिलिंडर देने की मांग की





