स्कूलों में अग्निशमन विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान, आग से बचाव के बताए प्रभावी उपाय

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

 

Samastipur News: शिवाजीनगर प्रखंड क्षेत्र में अग्निकांड की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए अग्निशमन विभाग की ओर से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अग्निशमन विभाग की टीम के कर्मचारी संजीत कुमार एवं ओम जी ने विभिन्न पब्लिक स्कूलों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर छात्र छात्राओं, शिक्षकों एवं ग्रामीणों को आग से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान लोगों को ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाली आग, भवनों में होने वाली आग, झुग्गी-झोपड़ियों में लगने वाली आग तथा शॉर्ट सर्किट के कारण होने वाली दुर्घटनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया।

अग्निशमन कर्मियों ने कहा कि गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोग खेतों में सूखी घास, फूस एवं कचरे को जलाने के दौरान सतर्कता नहीं बरतते हैं, जिसके कारण आग तेजी से फैल जाती है। उन्होंने बताया कि तेज हवा के कारण आग कुछ ही मिनटों में पूरे गांव को अपनी चपेट में ले सकती है। ऐसे में लोगों को आग जलाने के दौरान पर्याप्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

जागरूकता अभियान के दौरान स्कूली बच्चों को विशेष रूप से आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्क रहने और तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई। टीम के सदस्यों ने बच्चों को बताया कि अगर किसी भवन में आग लग जाए तो सबसे पहले बिजली का मुख्य स्विच बंद करना चाहिए तथा तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देनी चाहिए। इसके साथ ही आग लगने की स्थिति में लिफ्ट का प्रयोग नहीं करने और सीढ़ियों के माध्यम से बाहर निकलने की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति का जीवंत प्रदर्शन कर लोगों को जागरूक किया गया।

अग्निशमन विभाग की टीम ने गैस सिलेंडर में नियंत्रित तरीके से आग लगाकर यह बताया कि ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय सबसे पहले रेगुलेटर बंद करना चाहिए और गीले कपड़े अथवा अग्निशमन यंत्र की सहायता से आग पर काबू पाने का प्रयास करना चाहिए। टीम द्वारा किए गए इस प्रदर्शन को देखकर स्कूली बच्चे एवं शिक्षक काफी उत्साहित दिखे और उन्होंने आग से बचाव के तरीकों की जानकारी गंभीरता से सुनी। संजीत कुमार ने बताया कि अधिकांश अगलगी की घटनाएं लोगों की लापरवाही के कारण होती हैं। घरों में बिजली के पुराने तार,ई खुले में रखे ज्वलनशील पदार्थ तथा गैस सिलेंडर के गलत उपयोग से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने लोगों से समय समय पर बिजली के तारों की जांच कराने तथा गैस पाइप में लीकेज होने पर तुरंत उसे बदलवाने की अपील की। वहीं ओम जी ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय एवं सार्वजनिक संस्थान में अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि आपात स्थिति में तुरंत आग पर काबू पाया जा सके।

अभियान के दौरान बच्चों को यह भी बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के कपड़े में आग लग जाए तो वह इधर उधर भागने के बजाय जमीन पर लेटकर लुढ़कने का प्रयास करे। इससे आग तेजी से फैलने से रुक जाती है। साथ ही पानी, मिट्टी अथवा कंबल के उपयोग से आग बुझाने के प्राथमिक उपायों की जानकारी भी दी गई।
स्कूल के शिक्षकों ने अग्निशमन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम से बच्चों एवं ग्रामीणों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। कई बच्चों ने पहली बार गैस सिलेंडर में लगी आग को नियंत्रित करने का तरीका देखा, जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है। ग्रामीणों ने भी अग्निशमन विभाग की टीम से कई सवाल पूछे, जिनका कर्मियों ने विस्तार से जवाब दिया। कार्यक्रम के अंत में लोगों से अपील की गई कि किसी भी अगलगी की घटना होने पर तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें तथा अफवाहों पर ध्यान न देकर संयम बनाए रखें। जागरूकता अभियान के माध्यम से अग्निशमन विभाग ने लोगों को यह संदेश दिया कि सावधानी और सतर्कता ही आग जैसी दुर्घटनाओं से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।

*समस्तीपुर में गायत्री परिवार की मासिक बैठक संपन्न, नई जिम्मेदारियों का हुआ चयन – Doorbeen News*

समस्तीपुर में गायत्री परिवार की मासिक बैठक संपन्न, नई जिम्मेदारियों का हुआ चयन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *