व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें
सिंघिया में स्व. रेखा हीरा सिंह स्मृति कप क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन, ललमा इलेवन ने पोखराम इलेवन को 84 रन से हराया
Doorbeen News Desk: सिंघिया प्रखंड अंतर्गत वासुदेवपुर में शनिवार को स्वर्गीय रेखा हीरा सिंह स्मृति कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले का भव्य शुभारंभ धूमधाम के साथ किया गया। टूर्नामेंट के फाइनल मैच का उद्घाटन सांसद शांभवी चौधरी, रोसड़ा विधायक बीरेन्द्र कुमार, एमएलसी डॉ. तरुण कुमार, सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह तथा मनोज झा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

इस अवसर पर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। फाइनल मुकाबला ललमा इलेवन और पोखराम इलेवन के बीच खेला गया। 18 ओवर के इस रोमांचक मुकाबले में ललमा इलेवन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पोखराम इलेवन को 84 रन से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण व खेल प्रेमी मैदान में उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से युवाओं की प्रतिभा को मंच मिलता है।

सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि खेल से अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है। वहीं विधायक बीरेन्द्र कुमार ने कहा कि खेल गतिविधियों से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है और वे नशा व अन्य बुरी आदतों से दूर रहते हैं। एमएलसी डॉ. तरुण कुमार ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की सलाह दी।
आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि स्वर्गीय रेखा हीरा सिंह की स्मृति में इस टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करना है।

कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, चादर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर टूर्नामेंट आयोजन समिति के आयोजक पूर्व मुखिया सह वार्ड पार्षद निरंजन सिंह, विशाल सिंह, मो. जावेद, पूर्व मुखिया अरविंद कुमार सिंह, रत्नेश्वर प्रसाद सिंह, रामचंद्र प्रधान, प्रखंड प्रमुख बिरजू साहू, उप प्रमुख रिंकू सिंह सहित कई गणमान्य लोग, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। पूरे आयोजन के दौरान खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला और दर्शकों ने खिलाड़ियों का तालियों से उत्साहवर्धन किया। टूर्नामेंट के सफल आयोजन से क्षेत्र में खेल के प्रति युवाओं का उत्साह और भी बढ़ा है।






