व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
हमारी सरकार बनने पर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी : तेजस्वी
Doorbeen News Desk: आज बुधवार को हरिशंकरी हाई स्कूल के ग्राउंड में समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी अख्तरुल इस्लाम शाहीन के पक्ष में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि 20 सालों में भाजपा और नीतीश कुमार ने बिहार की पूरी एक पीढ़ी को बेरोज़गारी, पलायन, अपराध, दयनीय शिक्षा स्वास्थ्य व्यवस्था, जर्जर अर्थव्यवस्था, अफसरशाही, भ्रष्टाचार, घूसखोरी, कमीशनखोरी, अनदेखी, बाढ़ राहत में घोटाले से बर्बाद कर दिया।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी हम सबकी दुश्मन है, इसे जड़ से खत्म करेंगे l हमारी सरकार बनने पर जिस परिवार में कोई सरकारी नौकरी नहीं है, उस परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी l उन्होंने याद दिलाया कि पिछले 17 महीने की सरकार में 05 लाख युवाओं को नौकरी दी गई l तेजस्वी ने कहा कि लालू जी ने सामाजिक न्याय दिलाया, अब हम आर्थिक न्याय देंगे l

बेरोजगारी, महंगाई व घूसखोरी को क्लीन बोल्ड करेंगे l तेजस्वी यादव ने कहा कि उम्र में भले ही छोटा हूं लेकिन जुबान का पक्का हूं। कहा कि उनका चुनावी वादा कोई जुमला नहीं है जो भी वादा किया है उसे सरकार बनने के 20 दिन के भीतर पूरा करूंगा।तेजस्वी ने कहा कि यहीं नहीं बल्कि अपराध भ्रष्टाचार मुक्त बिहार बनाएंगे। पढ़ाई, कमाई, दवाई, सिंचाई और सुनवाई वाली सरकार बनेगी।

जैसा हमने पहले कहा बिहार में जिस परिवार के पास सरकारी नौकरी नहीं है उस परिवार को सरकार नौकरी देंगे। महिलाओं को माई बहिन मान योजना के तहत प्रति माह ढ़ाई हजार रुपए, सालाना 30 हजार तो 5 साल में 1.5 लाख रुपए देंगे। VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि नीतीश सरकार हर मोर्चे पर विफल है तथा बिहार में अगली सरकार तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की बनेगी l
उन्होंने कहा कि बिहार में भय भ्रष्टाचार एवं अराजकता का आलम है l अखिल भारतीय पान महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आईपी गुप्ता ने कहा कि स्थानीय विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने इस क्षेत्र का चहुमुखी विकास किया है l इन्हें भारी मतों से पुनः जीता कर तेजस्वी यादव के हाथों को मजबूत करे एवं बिहार में महागठबंधन की सरकार को बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका का निर्वहन करे l उन्होंने कहा कि अब संपूर्ण पान समाज एवं सहनी समाज महागठबंधन के साथ है l
नीतीश कुमार से बिहार सम्भल नहीं रहा है l तेजस्वी जी अब बिहार को संभालेंगे और विकसित बिहार बनायेंगे l सभा को संबोधित करते हुए विधायक सह महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने कहा कि आप लोगों के सहयोग तथा आशीर्वाद, स्नेह और प्यार से समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास की गाथा लिख सका हूं । आज समस्तीपुर विधानसभा के विकास मॉडल की चर्चा सूबे बिहार में हो रही है l
क्षेत्र की जनता के सुख व दुख में सहभागी रहा हूं l नेता नहीं बेटा बनकर विगत 15 वर्षों से क्षेत्र की सेवा एवं चहुमुखी विकास किया हूं और आगे भी करता रहूंगा। अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती, संचालन माकपा नेता सत्यनारायण सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन स्थानीय मुखिया राजीव कुमार राय ने की l आगत अतिथियों का स्वागत स्थानीय विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने माला, बुके, मोमेंटो तथा चादर से की l प्रजापति समाज के जिलाध्यक्ष प्रमोद पंडित ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को मिथिला की लोक परम्परा के प्रतीक सामा-चकेवा भेट की l






