दूरबीन न्यूज डेस्क। बिहार में सीट बंटवारे को लेकर राजद और कांग्रेस में रार जारी है। राजद गठबंधन में कांग्रेस को आठ सीट देने के लिए तैयार है। एक और सीट पर बातचीत चल रही है, पर पूर्णिया और औरंगाबाद सीट को लेकर दोनों पार्टियों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। वहीं, बुधवार को राजद में आईं विधायक बीमा भारती के पूर्णिया सीट से नामांकन की घोषणा से तकरार फिर बढ़ गई है।

कांग्रेस में हाल ही में शामिल हुए पप्पू यादव ने भी ऐलान कर दिया है कि दुनिया छोड़ देंगे पर पूर्णिया नहीं छोड़ेंगे। फिलहाल वे कांग्रेस नेतृत्व की बातचीत का इंतजार कर रहे हैं। गुरुवार को पहले चरण की सीटों के लिए नामांकन की तारीख खत्म हो जाएगी और औरंगाबाद पर कांग्रेस का दावा धरा रह गया।
औरंगाबाद सीट पर राजद प्रत्याशी को सिंबल देने पर कांग्रेस आपत्ति जता चुकी है। इस बीच, संभावना जताई जा रही है कि गुरुवार को दोनों पार्टियों की सीटों का ऐलान कर सकती हैं। महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर मंगलवार शाम कांग्रेस और राजद की लंबी बैठक हुई। इसमें पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे पर विस्तार से चर्चा हुई। काफी दबाव के बाद राजद कटिहार सीट कांग्रेस को देने के लिए तैयार हो गया है, पर पूर्णिया और औरंगाबाद सीट देने के लिए वह तैयार नहीं है। जबकि पप्पू बहुत उम्मीद के साथ कांग्रेस में शामिल हुए थे कि उन्हें पूर्णिया में गठबंधन का उम्मीदवार बनाया जाएगा।
सूत्र बताते हैं कि शिवहर या महराजगंज में से एक सीट कांग्रेस के खाते में आ सकती है। हालांकि तेजस्वी ने बैठक के बाद दिल्ली में जो बयान दिया वह भी साफ नहीं था। उन्होंने कहा कि सबको सम्मानजनक सीटें दी जाएंगी। कांग्रेस और वामदलों की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
विस के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा है कि बिहार में कांग्रेस, वामदल और राजद साथ चुनाव लड़ेंगे। सभी सहयोगी दलों को सम्मानजनक सीटें दी जा रही हैं। आज-कल में औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।
लंबे समय से पूर्णिया के लोगों से जुड़ा हूं, यहीं से लड़ूंगा चुनाव पप्पू यादव
पटना। पूर्णिया सीट पर राजद की तरफ से दावेदारी और बीमा भारती को सिंबल देने पर पप्पू यादव ने भी यहां से दावा ठोका है। पटना में बुधवार को उन्होंने कहा कि पूर्णिया सीट से लड़ना तय है। कांग्रेस को छोड़ने पर कहा कि इस पार्टी से पुराना नाता है। इसे कभी नहीं छोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्णिया क्षेत्र में वे काफी समय से लोगों के बीच संपर्क करने में जुटे हुए हैं।
जन संपर्क यात्रा भी कर रहे हैं। इसका जबरदस्त रिस्पांस उन्हें मिल रहा है। ऐसे में सीट छोड़ने का सवाल ही नहीं उठता है। इस सीट को लेकर उनकी कांग्रेस से लेकर राजद सुप्रीमो तक से बात हो चुकी थी। फिर अचानक इस तरह का विवाद क्यों खड़ा किया गया, यह उनकी समझ से परे है। इस सीट को लेकर क्या समस्या है, कुछ भी स्पष्ट नहीं हो रहा है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से अभी बात चल रही है।
लालू प्रसाद का आशीर्वाद मिला, तीन को नामांकन करूंगीबीमा भारती
पूर्णिया। जदयू से इस्तीफा देकर राजद में शामिल हुई बीमा भारती पूर्णिया लोकसभा सीट से राजद प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल करेंगी। बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल के नवरतन कार्यालय में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि राजद के प्रमुख नेता लालू प्रसाद यादव व युवा नेता तेजस्वी यादव का उन्हें आशीर्वाद मिल गया है। माता राबड़ी देवी का भी आशीर्वाद है।
पूर्णिया लोकसभा सीट पर राजद के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि तीन अप्रैल को नामांकन होगा। पप्पू यादव पर पूछे गए सवाल पर कहा कि वे मेरे सम्मानीय हैं। ऐसे में पार्टी के निर्णय के साथ उनका भी सहयोग रहेगा। इस मौके पर राजद के जिलाध्यक्ष मिथिलेश कुमार दास, पूर्व विधायक धमदाहा दिलीप यादव, बायसी विधायक रुकुनुद्दीन, राजद के वरीय नेता प्रो. आलोक कुमार समेत आदि मौजूद थे। सा. एचएच।





