दरभंगा। दरभंगा के वर्तमान सांसद और भाजपा के पुराने कार्यकर्ता रहे डॉ. गोपाल जी ठाकुर को दरभंगा सीट के लिए भाजपा की ओर से दोबारा टिकट दिये जाने पर एनडीए के नेताओं ने हर्ष व्यक्त किया है।भाजपा जिलाध्यक्ष जीवछ सहनी ने कहा कि डॉ. ठाकुर पिछली बार से अधिक मतों से जीतेंगे और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर से केंद्र में मजबूत सरकार बनेगी। parliament election


वहीं, जदयू जिलाध्यक्ष गोपाल मंडल ने कहा कि डॉ. ठाकुर कार्यकर्ता से सांसद बने हैं। उन्हें दोबारा टिकट मिलना प्रसन्नता की बात है। एनडीए के सभी नेता और कार्यकर्ता उन्हें फिर से सांसद बनाने के लिए एकजुट हैं। वहीं, सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने उन्हें पंचायत से पार्लियामेंट तक का सफर तय कराया है। इससे यह साबित होता है कि भाजपा एक परिवार की पार्टी है।

उन्होंने कहा कि मुझे दोबारा टिकट देने के लिए मैं पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े तथा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। इधर, गोपाल जी ठाकुर को फिर प्रत्याशी बनाए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि एनडीए पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी और रिकार्ड मतों से विजय भी होगी

बता दें कि डॉ. ठाकुर ने दरभंगा लोकसभा क्षेत्र से पहली बार भाजपा के टिकट पर वर्ष 2019 में चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें कुल 5,86,668 (60.79 प्रतिशत) मत मिले थे। वहीं, दूसरे स्थान पर राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी रहे थे। उन्हें कुल 3,18,689 (33.02 प्रतिशत) मत मिले थे। इस प्रकार डॉ. ठाकुर ने 2,67,979 मतों से जीत दर्ज की थी।


वहीं, तीसरे स्थान पर नोटा में कुल 20,468 मत पड़े थे। डॉ. ठाकुर को दोबारा टिकट मिलने पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रफुल्ल कुमार ठाकुर व भाजयुमो जिलाध्यक्ष बालेन्दु झा समेत कई अन्य ने बधाई दी है। दरभंगा से गोपाल जी ठाकुर को दूसरी बार एनडीए का प्रत्याशी बनाया गया है। भाजपा ने गोपाल जी ठाकुर के कार्यों पर भरोसा जताते हुए प्रत्याशी की घोषणा की है।






