समस्तीपुर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिलौत गांव के पास छह लेन के पास राज कपूर हत्याकांड मामले में पुलिस ने एक अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक सिलौत चकहुसैन का ही सन्नी कुमार है, जो राज कपूर का दोस्त था।
जिससे पूछताछ में पुलिस को घटना का कारण भी पता चला है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष पिंकी प्रसाद ने बताया कि घटना की जांच के दौरान सन्नी कुमार का नाम सामने आया। जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी। ( murder news)
जिसके बाद सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि सन्नी के सामने ही हत्या की घटना को अंजाम दिया गया था। लेकिन इसने घटना की जानकारी को छिपाया। उन्होंने बताया कि पूछताछ में सन्नी ने पुलिस को बताया कि एक महिला के साथ
अवैध संबंध होने के कारण ही राज कपूर की हत्या हुई थी। जिसके बाद पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी करने में जुटी है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।
बतादें कि 19 मार्च की सुबह सिलौत गांव के पास निर्माणाधीन छह लेन सड़क के पास गेंहू की खेत से सिलौत चकहुसैन के अर्जुन पासवान के पुत्र राज कपूर की लाश बरामद की गयी थी।
अपराधियों ने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में राज कपूर के पिता अर्जुन पासवान ने तीन लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 मार्च की रात राज कपूर अपने दोस्त सन्नी सहित एक अन्य दोस्त के साथ गांव में ही पुल पर बैठा था। जिसके बाद घटना की रात राज कपूर को बातचीत में उलझाकर छह लेन सड़क की ओर ले गया।
जहां तीनों बातचीत करने लगे और फिर सभी अपने-अपने मोबाइल में व्यस्त हो गए। इसी दौरान मुख्य आरोपी ने राज कपूर के गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर जख्मी कर दिया।
जिससे उसकी मौत हो गयी और शव को गेहूं की खेत में छोड़ दिया। हालांकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना का सही मामला सामने आ पाएगा।