समस्तीपुर में 119.52 करोड़ की राशि की लागत से बनेगा भोला टॉकीज गुमती पर ROB, रेलवे ने 27.42 करोड़ की दी स्वीकृति

समस्तीपुर। समस्तीपुर मुजफ्फरपुर रेलखंड पर समस्तीपुर कर्पूरीग्राम के बीच स्थित गुमती संख्या 53ए भोला टॉकिज गुमती पर आरओबी (ROB) निर्माण को लेकर प्रक्रिया तेज कर दी गयी है। इसमें रेलवे ने अपने हिस्से की 27.42 करोड़ की राशि की भी स्वीकृति देकर बिहार सरकार को पत्र भेज दिया है। ताकि आरओबी निर्माण की दिशा में बिहार सरकार के राज्य पुलिस निर्माण निगम के द्वारा अग्रतर कार्रवाई की जा सके। इस संबंध में समस्तीपुर डीआरएम विनय श्रीवास्तव ने भी बताया कि राज्य सरकार के स्तर से आरओबी का निर्माण किया जाना है। रेलवे के द्वारा सभी प्रक्रिया पूरी कर सरकार को दे दी गयी है। शीघ्र ही इसके निर्माण की दिशा में भी पहल करने की संभावना है।


मिली जानकारी के अनुसार भोला टॉकिज गुमती संख्या 53ए पर आरओबी निर्माण की पूरी जिम्मेदारी बिहार राज्य पुल निर्माण पर है। रेलवे मंत्रालय के द्वारा ईसीआर के जीएम को भेजे गए पत्र के अनुसार उक्त आरओबी के निर्माण में 119.52 करोड़ की राशि की लागत आएगी। इसके लिए रेलवे ने अपने हिस्से की 27.42 करोड़ की राशि की भी स्वीकृति दे दी है। जबकि बिहार सरकार के 92.10 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी।

शहर के ताजपुर रोड में जाम की बड़ी समस्या है। इसका मुख्य कारण भोला टॉकिज गुमती संख्या 53ए है। स्टेशन के नजदीक होने एवं डबल लाइन होने के कारण कुछ ही देर के अंतराल पर 24 घंटे ट्रेनों का आना जाना लगा रहता है। जिसके कारण हर पंद्रह से बीस मिनट के अंतराल पर रेलवे गुमती को बंद किया जाता है। फिर ट्रेनों को निकाला जाता है। जिसके कारण वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। कभी-कभी तो आधा घंटा से लेकर एक घंटे तक गुमती बंद रहती है। ऐसी स्थिति में मरीजों एवं आवश्यक कार्यों से निकले लोग भी इसमें फंसे रहते हैं।

गुमती की स्थिति ऐसी है कि एक ट्रेन के गुजरने के लिए गेट को बंद किया जाता है। समस्तीपुर भाया पूसा मुजफ्फरपुर का मुख्य मार्ग होने के कारण लंबा जाम लग जाता है। ट्रेन के गुजरने के बाद जैसे ही गुमती खोल कर लोगों को निकाला जाता है। भीड़ पूरी तरह खाली भी नहीं होता है, इसी दौरान दूसरी ट्रेन के आने की सूचना गेट मैन को मिलती है। जिसके कारण फिर से गेट बंद हो जाता है। कई बार भीड़ के कारण ट्रेन को ही आउटर सिग्नल पर रोक दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *