यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। रोसड़ा में शुक्रवार को यूआर कॉलेज परिसर में उस वक्त अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया , जब परिसर के पश्चिमी भाग में छात्रों के दो गुटों में झड़प शुरू हो गयी । देखते ही देखते छात्रों का भारी झुंड कॉलेज कैम्पस में इकट्ठा हो गया। इस बीच कुछ बाहरी छात्र व लड़के भी जुट गए । छात्रों का एक गुट ओबीसी छात्रावास में प्रवेश करना चाह रहा था। पर छात्रावास के मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षा गार्ड व आनन-फानन में छात्रावास गेट पर पहुंचे प्राचार्य व शिक्षकों ने छात्रों के गुट को छात्रावास में प्रवेश करने से रोका।


इस बीच सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद, एसआई मनीष कुमार, एसआई अखिलेश कुमार सिंह, एसआई अरविंद कुमार दलबल के साथ छात्रावास पहुंचे । पुलिस ने छात्रावास के बाहर खड़े छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया। छात्रावास के बाहर जुटे छात्रों का आरोप था कि कुछ बाहरी लड़के जो झड़प में शामिल थे, वे छात्रावास के अंदर छिपे हैं। उनकी शिकायत पर पुलिस ने छात्रावास के हर कमरे की सहन तालाशी ली, पर कोई बाहरी लड़का छात्रावास में नहीं पाया गया।


जिसके बाद छात्रावास के बाहर जुटे छात्र वापस लौटे बताया जाता है कि शुक्रवार को स्नातक प्रथम खंड की प्रायोगिक परीक्षा संचालित हो रही थी। इसको लेकर कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं की अच्छी-खासी संख्या मौजूद थी। इस बीच कुछ लड़के अपने मोबाइल में सेल्फी ले रहे थे। सेल्फी लेने के दौरान ही दो ग्रुप के छात्रों में कुछ कहासुनी हुई और देखते ही देखते ही झड़प तक की नौबत आ गयी । इसमें कुछ छात्रों को चोटें भी आई।

इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद ने बताया कि छात्रों में आपसी कहासुनी को लेकर विवाद हुआ था। कॉलेज प्रशासन व पुलिस द्वारा समझा-बुझा कर मामला शांत कर दिया गया है। कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन प्राप्त होने पर कार्रवाई की जाएगी।






