व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
निरीक्षण में पहुंचे जनरल ऑब्जर्वर बी. माहेश्वरी, कहा, हर मतदान कर्मी निभाए अपनी भूमिका पूरी निष्ठा से
Doorbeen News Desk: आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिले में शनिवार को मतदान कर्मियों के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन संत कबीर महाविद्यालय, समस्तीपुर तथा डीएवी पब्लिक स्कूल, मोहनपुर में किया गया।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया, दायित्वों एवं आचार संहिता की गहन जानकारी देना था। संत कबीर कॉलेज में प्रथम पाली में 131-कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया, जबकि द्वितीय पाली में 131-कल्याणपुर एवं 132-वारिसनगर विधानसभा क्षेत्र के मतदान दलों को प्रशिक्षित किया गया।

डीएवी पब्लिक स्कूल केंद्र:
यहां 133-समस्तीपुर, 134-उजियारपुर, 135-मोरवा और 136-सरायरंजन विधानसभा क्षेत्रों के मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को बताया गया कि मतदान दल एक टीम की तरह कार्य करे ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और त्रुटिहीन रूप से सम्पन्न हो सके। प्रशिक्षण के उपरांत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन लिंक से सभी कर्मियों की परीक्षा भी ली गई।

डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश:
यह पूरा प्रशिक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा के निर्देशन में आयोजित हुआ। उन्होंने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण करते हुए कर्मियों से कहा कि — “हर मतदान कर्मी लोकतंत्र की आधारशिला है। आपकी जिम्मेदारी सिर्फ मतदान संपन्न कराने की नहीं, बल्कि मतदाता के विश्वास को बनाए रखने की भी है।”
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त जनरल ऑब्जर्वर बी. माहेश्वरी ने भी प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण प्रक्रिया की गुणवत्ता पर संतोष जताया। उन्होंने मतदान कर्मियों से कहा कि वे निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सजग और संवेदनशील रहें।
मास्टर ट्रेनर और प्रबंधन:
मुख्य मास्टर ट्रेनर सतीश यादव एवं तनवीर आलम ने प्रशिक्षण का सफल संचालन किया।
डीएवी पब्लिक स्कूल में मंगलेश कुमार, राकेश कुमार, अबू उमारा नदीम, अरुण कुमार और अभिषेक कुमार अभय ने प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था संभाली। नोडल पदाधिकारी सह जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने लगातार दोनों प्रशिक्षण केंद्रों का भ्रमण एवं मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित की। यह प्रशिक्षण जिले में निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।






