व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
नगर निगम मुजफ्फरपुर की जल कार्य शाखा के अभियंता, प्रभारी अधिकारी एवं अतिक्रमण टीम के संयुक्त तत्वावधान में महत्वपूर्ण औचक जांच
दूरबीन न्यूज डेस्क। नगर निगम मुजफ्फरपुर की जल कार्य शाखा के अभियंता, प्रभारी अधिकारी एवं अतिक्रमण टीम के संयुक्त तत्वावधान में महत्वपूर्ण औचक जांच अभियान का संचालन किया गया। यह अभियान नगर निगम क्षेत्रांतर्गत सिकंदरपुर करबला रोड से मरीन ड्राइव जाने वाले मार्ग पर स्थित विभिन्न वाहन धुलाई सेवा केंद्रों पर केंद्रित था।
इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य उन वाहनों की धुलाई सेवा केंद्रों की पहचान करना था जो बिना किसी वैध पंजीकरण एवं जल शोषक संरचना (सोकपिट) का निर्माण कराए हुए अवैधानिक रूप से संचालन कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कई धुलाई केंद्र नगर निगम की निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना संचालित हो रहे हैं। ये सेवा केंद्र जल का अत्यधिक उपयोग कर रहे हैं, परंतु उसके समुचित निष्पादन की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे आसपास के क्षेत्र में जलभराव, गंदगी एवं पर्यावरणीय संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

इन अवैध रूप से संचालित केंद्रों पर न तो जल की निकासी हेतु कोई वैज्ञानिक प्रणाली उपलब्ध थी एवं न ही नगर निगम में किसी प्रकार का पंजीकरण कराया गया था। यह स्पष्ट उल्लंघन नगर निगम के नियमों, पर्यावरणीय दिशा-निर्देशों तथा शहरी स्वच्छता मानकों का है। इस क्रम में निरीक्षण टीम द्वारा ऐसे कई गैर-पंजीकृत एवं जल शोषक व्यवस्था रहित धुलाई सेवा केंद्रों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। नगर निगम अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई है। साथ ही, अन्य बचे हुए सेवा केंद्रों को जिनका अब तक पंजीकरण नहीं हुआ है, उन्हें 3 दिनों के अंदर नगर निगम में पंजीकरण कराने तथा जल शोषक प्रणाली का निर्माण कर उसका प्रमाण प्रस्तुत करने का सख्त निर्देश दिया गया है। निर्धारित समयावधि के भीतर अनुपालन न करने की स्थिति में ऐसे केंद्रों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इस जांच के दौरान कुछ सेवा केंद्र संचालकों ने नगर निगम की कार्यवाही को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से पंजीकरण की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी, जिससे निगम प्रशासन द्वारा इस अभियान को सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई है।
नगर निगम प्रशासन यह स्पष्ट करना चाहता है कि स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण-संवेदनशील शहरी वातावरण की स्थापना में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम जनता से भी अपील की जाती है कि वे ऐसे अवैध सेवा केंद्रों की सूचना निगम प्रशासन को दें एवं स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। नगर निगम द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की औचक जांचें निरंतर जारी रहेंगी ताकि शहरी जीवन को पर्यावरणीय दृष्टि से सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाया जा सके।






