दरभंगा में शराब व नशीली दवा बेचने से मना करने पर मारपीट, डीएमसीएच में भर्ती

व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लीक करें

दरभंगा में शराब व नशीली दवा बेचने से मना करने पर मारपीट, डीएमसीएच में भर्ती

दूरबीन न्यूज डेस्क। लहेरियासराय थाना क्षेत्र के खाजासराय मोहल्ले में शराब व नशीली दवा बेचने से मना करने पर तस्करों ने स्थानीय लोगों को मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। उनका इलाज डीएमसीएच इमरजेंसी में किया गया। मामले को लेकर खाजासराय के रहने वाले मो. विरासत हुसैन ने लहेरियासराय थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। इसमें उन्होंने कहा है कि उनके मोहल्ले में मुन्नी खातून के घर के सामने काफी भीड़ लगी हुई थी जिससे मोहल्ले के लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी।

जब मोहल्ले के लोगों ने मुन्नी खातून के परिवार वालों से शिकायत की तो तस्करों ने नसीम, जसीम, भोला, राजा, रूही खातून, जूली खातून, भोली खातून, मो. सितारे, मो. मुन्ना, लाल बाबू, मो. निजामुद्दीन आदि को लाठी, डंडा व अन्य हथियार से मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। इसके बाद तस्करों ने रोड़ेबाजी भी की। इस बात की सूचना स्थानी लोगों ने डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही लहेरियासराय थानाध्यक्ष दीपक कुमार दर्जनों पुलिस कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन लोगों ने मुन्नी खातून के घर के सामने तलाशी ली।

इसमें बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किये गये। उन्होंने बताया कि मुन्नी खातून फिलहाल जेल में बंद है। वह कई बार शराब तस्करी के आरोप में जेल भी जा चुकी है। उन्होंने मुन्नी खातून के परिजन मो. इब्राहिम सहित परिवार के अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। लहेरियासराय थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।