बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर की हत्या, नगर थाना का है मामला

व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

दूरबीन न्यूज डेस्क। बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर की हत्या, नगर थाना का है मामला।समस्तीपुर नगर थाना क्षेत्र के मगरदही वार्ड 36 में शुक्रवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर निजामत वार्ड-19 निवासी अशोक राय के पुत्र आयुष कुमार उर्फ छोटू (22) के रूप में की गई है। बदमाशों ने घटना को केंद्रीय विद्यालय के पास अंजाम दिया है। बताया गया है कि उसे नजदीक से सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार आयुष इंटर का छात्र था और मगरदही में ही अपने ननिहाल में रह रहा था। शुक्रवार की शाम वह बाइक से घर का सामान लाने निकला था। इसी बीच केंद्रीय विद्यालय के पास से गुजरने के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पीछा कर उसे नजदीक से सीने में गोली मार दी और वहां से फरार हो गया। सूत्रों के अनुसार उस समय बाइक पर आयुष के साथ उसका एक और दोस्त था जो वहां से भागकर अपनी जान बचायी। इधर गोली चलने के बाद हल्ला होने पर स्थानीय लोगों उसे उठाकर सदर अस्पताल लाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सदर अस्पताल पर मृतक के पिता अशोक राय ने बताया कि वह पेंटर का काम करते हैं। उनका बेटा आयुष ज्यादातर अपने ननिहाल, मगरदही गांव में ही रहता है। उनके ससुराल वालों का पड़ोस के ही साजन कुमार नामक एक युवक से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया है की साजन कुमार ने ही आयुष गोली मारकर हत्या की है। घटना की सूचना पर नगर थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव और मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह सदर अस्पताल पहुंचकर छानबीन में जुटे रहे।

सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय पांडेय भी सदर अस्पताल व घटनास्थल पर पहुंच जांच की। घटना के संबंध में मृतक के परिजन का बताना है कि पूर्व से चली आ रही रंजिश में ही आयुष की गोली मार कर हत्या कर दी गई है। वहीं सदर-1 एसडीपीओ संजय पांडेय का बताना है कि मृतक आयुष के मामा का किसी परिवार से पूर्व से रंजिश चल रही है। संभवत इसी रंजिश में उसकी हत्या की गई है। अपराधियों की पहचान कर ली गई है। अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इधर एसपी अशोक मिश्रा ने कहा है कि घटना स्थल का निरीक्षण एसएफएल की टीम ने की है। वही वैज्ञानिक अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। जल्द ही अपराधी पुलिस गिरफ्त में होगा।