समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले में एक बार फिर बदमाशों ने स्वर्ण व्यवसायी को टारगेट बनाते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना मंगलवार शाम दलसिंहसराय की है। मिली जानकारी के अनुसार दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के नगरगामा गांव में मंगलवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने पिस्टल के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित व्यवसायी दलसिंहसराय शहर निवासी संजय सोनी उर्फ मिठू हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। हालांकि अभी तक पीड़ित ने कोई आवेदन नही दिया है। इधर, इस घटना से एक बार फिर स्वर्ण व्यवसायी में दहशत हो गया है।



मिली जानकारी के अनुसार स्वर्ण व्यवसायी संजय सोनी उर्फ मिठू का दुकान मदूदाबाद में स्थित है। मंगलवार की शाम वह दुकान को बन्द करने के बाद अपने कर्मी के साथ बाइक से ही घर दलसिंहसराय शहर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के नगरगामा गांव के पास वो पहुचे तो बाइक सवार बदमाशो ने पिस्टल के बल पर रोक दिया और व्यवसायी से बैग लूटकर फरार हो गया। इस मामले में स्वर्ण व्यवसायी से मिली जानकारी के अनुसार लुटे गए बैग में लगभग 20 हजार रुपये मूल्य का कटा हुआ सोने व चांदी के आभूषण एवं दुकान की चाभी थी।




दुकानदार ने बताया कुछ महीने पहले भी विद्यापति नगरथाना क्षेत्र में भी बदमाशो ने इसी तरह से लूट की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया था। जिसके बाद इसकी शिकायत थाना में दर्ज करायी गयी थी। इधर, मंगलवार शाम हुई घटना के मामले में दलसिंहसराय थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया की घटना की सूचना मिली है। व्यवसायी के द्वारा फिलहाल आवेदन नही मिला है। घटना की जांच चल रही है। व्यवसायी के दिए गए आवेदन पर अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।





