दलसिंहसराय के बाद अब पटोरी में लगातार हो रही चोरी की घटना से लोगों में दहशत, घर मे लोग के रहने के बावजूद हो रही चोरी, चोर गिरोह को पकड़ने में पुलिस को नही मिल रहा सुराग

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले एक सप्ताह में आधा दर्जन से अधिक घरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी है। पुलिस भी इस चोर गिरोह को गिरफ्तार करने का अथक प्रयास कर रही है। इसको लेकर कई टीम लगातार कार्य कर रही है, इसके बावजूद चोरी की घटनाएं नही थम रही है।जिसके कारण शुक्रवार की रात एक बार फिर नगर परिषद क्षेत्र के हसनपुर सूरत टारा में चोरी की घटना हुई। घटना के वक्त घर के सदस्यों एवं आसपास के लोगों के जग जाने के कारण चोरी की बड़ी घटना नहीं हो सकी। फिर भी चोर लगभग 1 लाख रुपए मूल्य के आभूषण, नगद व कीमती सामान लेकर भाग निकलने में सफल रहे।

वैसे घर के सदस्यों द्वारा शोर मचाए जाने के बाद आसपास के लोगों ने चोरों का पीछा किया परंतु मकई के खेत, गीली मिट्टी, बरसात का मौसम एवं अंधेरा का लाभ उठाकर चोर भाग निकलने में सफल रहे। यह घटना हसनपुर सूरत टारा के उसी घर के समीप हुई जहां दो दिन पहले शिक्षक व फौजी भाइयों के घर से लाखों रुपए मूल्य के आभूषण एवं कीमती सामान की चोरी हो गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात हसनपुर सूरत टारा निवासी रेलकर्मी देवेंद्र सिंह के घर छत के रास्ते से रात लगभग 11:45 बजे चोर घर में घुस गया। फिर घर के अंदर रखे बक्सा तथा अलमीरा का ताला तोड़कर उसमें रखे लगभग एक लाख रुपए मूल्य के आभूषण, नगद व कीमती सामान ले लिए।

जिस वक्त चोर घटना को अंजाम दे रहे थे उस वक्त देवेंद्र सिंह की मां सेवानिवृत्त रेलकर्मी दीपिया देवी जगी हुई थी और उन्हें बार-बार बक्सा खोलने की आवाज आ रही थी। उन्हें लगा कि उनकी पतोहू रात में किसी कारण से बक्सा खोल रही है। उन्होंने अपनी पतोहू को आवाज देकर पूछा। जैसे ही चोरों को इस बात की जानकारी हुई कि घर के सदस्य जगे हुए हैं। वे वहां से भागने लगे। तभी घर के सदस्यों द्वारा शोर मचाया गया। घर के बगल में  रात श्राद्ध कार्यक्रम चल रहा था। शोर सुनते ही आसपास के लोगों ने चोरों का पीछा किया, परंतु घर के अंदर मौजूद चोर घर के पिछले दरवाजे से तथा छत पर मौजूद चोर छत से कूद कर भाग निकलने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलते ही रात में ही थानाध्यक्ष पीके मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे तथा चोरों के भागने की दिशा में उनका पीछा किया परंतु तब तक चोर भाग निकले थे। ज्ञात हो कि पटोरी के सिरदिलपुर एवं हसनपुर सूरत टारा में पिछले डेढ़ माह में चोरी की यह छठी बड़ी घटना हुई है। अब तक इन मामलों में किसी भी अपराधी की गिरफ्तारी या पहचान नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *