समस्तीपुर। डिजीटल इंडिया के दौर में अब समस्तीपुर पुलिस भी पूरी तरह डिजीटल बनती जा रही है। पटना, दरभंगा, मधुबनी, भागलपुर सहित राज्य के अन्य जिलों से अधिक फॉलोअर समस्तीपुर पुलिस की विभिन्न सोशल साइट से जुड़े हैं। यूं कहें तो समस्तीपुर की फॉलोवर्स की संख्या राज्य में सबसे अधिक है। समस्तीपुर पुलिस ने विभिन्न सोशल मीडिया साइट के माध्यम से क्राइम कंट्रोल के अलावे लोगों को भी जागरुक कर रही है। ताकि हर सूचना को कम समय में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचायी जा सके। इसके तहत समस्तीपुर पुलिस के नाम से फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर संचालित किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न व्हाट्सएप नंबर जारी कर भी लोगों से सूचना संग्रहित करने में लगी है। राज्य व दरभंगा प्रमंडल में सबसे अधिक लोग समस्तीपुर पुलिस के सोशल साइट से जुड़े हैं।

समस्तीपुर पुलिस को फिलहाल 39 हजार से अधिक लोग फॉलो कर रहे हैं। जबकि ट्विटर पर 4894 एवं इंस्टाग्राम पर 3585 फॉलावर हैं। इंस्टाग्राम पर समस्तीपुर पुलिस अब तक 1072 से अधिक पोस्ट डाला चुकी है। इसी प्रकार दरभंगा पुलिस के फेसबुक को 24 हजार लोग फॉलो कर रहे हैं जबकि ट्विटर पर 5881 फॉलोवर हैं। वहीं मधुबनी पुलिस के फेसबुक पेज को 13 हजार फॉलोवर व 13 हजार लाइक कर रहे हैं, जबकि 3530 लोग ट्विटर को फॉलो कर रहे हैं। इधर, पिछले एक महीने से प्रत्येक थानाध्यक्ष अपने निर्धारित तिथि को फेसबुक लाइव के माध्यम से लोगों से रुबरु हो रहे हैं। इसके माध्यम से क्षेत्र की कई अहम जानकारी भी पुलिस अधिकारी को मिल रही है। साथ ही गोपनीय सूचना भी उनके द्वारा जारी व्हाट्सएप नंबर पर मिल रही है।

समस्तीपुर पुलिस अपराध रोकने में भी सोशल मीडिया का सहारा ले रही है। जिसके कारण सोशल मीडिया पर समस्तीपुर पुलिस की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। पहले फेसबुक, फिर ट्विटर के साथ ही इंस्टाग्राम पर भी पुलिस सक्रिय हो गयी है। इन सोशल मीडिया पर लाखों लोग समस्तीपुर पुलिस की पोस्ट को देख चुकी है। साथ ही हजारों कमेंट भी किया जा चुका है। कमेंट के माध्यम से आने वाली जानकारी पर संज्ञान लेने और उस पर त्वरित कार्रवाई करने में भी पुलिस को सहायता मिल रही है।

समस्तीपुर पुलिस सोशल मीडिया की मदद से लोगों को अपराध के नए-नए तरीकों एवं साइबर फ्रॉड के नए-एन तकनीक को लेकर भी आमलोगों को जागरूक कर रही है। इसके लिए एसपी विनय तिवारी ने अपने पदस्थापन के साथ ही सोशल मीडिया सेल का भी गठन कर दिया। जिसका परिणाम अब दिखने भी लगा है। साथ ही लोग भी लाभांवित हो रहे हैं।

सोशल मीडिया के सहारे पुलिस को कांड अनुसंधान में भी मदद मिली है। पिछले दिनों जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बैंक डकैती की घटना के उद्भेदन में भी पुलिस को सोशल मीडिया से काफी मदद मिली थी। जिसका जिक्र स्वयं एसपी विनय तिवारी ने भी प्रेसवार्ता के दौरान दी थी। संदिग्ध अपराधियों की तस्वीर या वीडियो जारी किया गया था। जिसकी काफी सूचना पुलिस को व्हाट्सएप के माध्यम से पुलिस को मिली थी।

सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस ने कई अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है। विभिन्न प्रकार की ठगी के माध्यम से खाता से रुपए निकासी करने, सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार के वायरल वीडियो, थाने में लंबित आवेदन, किसी अपराधी के क्षेत्र में आने आदि की सूचना मिलते ही पुलिस कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व अपराधी को गिरफ्तार कर चुकी है।

विदित हो कि जनवरी 2023 में विनय तिवारी ने समस्तीपुर में नए एसपी के रूप में योगदान किया। इसके बाद एसपी विनय तिवारी ने अपने नए तेवर के साथ क्राइम कंट्रोल को लेकर तरह-तरह के कार्यों पर काम शुरू किया। इसी कड़ी में उन्होंने समस्तीपुर पुलिस के नाम से विभिन्न सोशल साइट बनवाकर आम लोगों के बीच में भी प्रचारित किया। इसका फायदा भी पुलिस को अब दिख रहा है।





