समस्तीपुर। जिले के कल्याणपुर ब्लॉक के ओबीसी प्लस टू उच्च विद्यालय ध्रुवगांमा कल्याणपुर में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को वर्ग छह से आठ अंडर-14 एंव वर्ग 9 से 12 अंडर- 19 बच्चियों के एथलेटिक्स 100 मीटर एंव 200 मीटर दौड़, खो-खो, कैरम, क्विज, बैडमिंटन एवं चित्रकारी प्रतियोगिता खेली गयी। पहले सत्र में अंडर-14 आयू वर्ग 100 मीटर फर्राटा दौड़ में 61 नंबर की जर्सी में सहरसा की संगम कुमारी ने छपरा की प्रीति कुमारी दूसरे एवं गया की किरण कुमारी तृतीय स्थान को पछाड़कर फर्राटा चैंपियन बनी।


वही 200 मीटर दौड़ में मेजबान समस्तीपुर की अंजनी कुमारी, छपरा की नंदनी कुमारी एवं जमुई की प्रीति कुमारी क्रमश प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही। जबकि अंडर-19 आयू वर्ग के 100 मीटर दौड़ के फाइनल मे दरभंगा की रजनी कुमारी फर्राटा चैंपियन बनी। वही पूर्णिया की किट्टू रानी एवं भागलपुर की लक्ष्मी कुमारी क्रमश दूसरे व तृतीय स्थान पर रही। इसी तरह 200 मीटर दौड़ में सहरसा की आंचल कुमारी एवं वर्षा कुमारी और मुजफ्फरपुर की सुनिधि कुमारी क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही।


इसके अलावा खो-खो प्रतियोगिता के अंडर-14 आयु वर्ग में मेजबान समस्तीपुर ने दरभंगा को तीन के मुकाबले 6 अंक से पराजित कर चैंपियन का ताज अपने नाम किया। जबकि अंडर-19 में सहरसा ने भागलपुर को 1-0 से हराकर कर खिताब हासिल किया। इस प्रतियोगिता में मुख्य रेफरी जितेंद्र कुमार, उमेश कुमार, रजनीश कुमार पाण्डेय, सुभीत कुमार सिंह उर्फ बिट्टू, शिवम कुमार, मदन भगत, संजय कुमार, संजीव कुमार, ज्योति श्रीवास्तव, कुमारी वंदना, रामकुमार, शारदा कुमारी, अमित कुमार, खुशबू कुमारी, खेल कार्यालय सहायक वरुण कुमार सिंह, अंशु सिन्हा, सहित कई तकनीकी पदाधिकारी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।


इधर क्विज अंडर-14 में दरभंगा की निशा कुमारी ने 60 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान एवं समस्तीपुर की निधि कुमारी 55 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही. जबकि अंडर-19 में समस्तीपुर की श्रद्धांजलि कुमारी ने 40 अंक प्राप्त कर प्रथम एवं दरभंगा की अंजनी कुमारी 30 अंक के साथ द्वितीय स्थान पर रही. यह क्विज प्रतियोगिता प्रधानाध्यापक अनंत कुमार राय के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न ओबीसी विद्यालय के 20 प्रतिभागियों ने लिया था हिस्सा। जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि रास्ता कस्सी एंव ऊंची कूद की प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह शनिवार को होगा।





