समस्तीपुर में बुजुर्ग ने घरेलू विवाद में सड़क से लेकर अस्पताल तक मचाया उत्पात, अस्पताल में पुलिस ने कराया भर्ती तो वार्ड में जमकर किया तोड़फोड़

समस्तीपुर। समस्तीपुर में घरेलू विवाद में एक स्वर्ण व्यवसायी ने घर से लेकर सड़क तक एवं सड़क से लेकर सदर अस्पताल तक जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान पुलिस ने काफी मशक्कत से बुजुर्ग व्यवसायी को काबू किया और सदर अस्पताल में भर्ती कराया। फिर बुजुर्ग व्यवसायी ने वार्ड में भी जमकर तोड़फोड़ किया। जिसके कारण हजारों रुपए मूल्य की क्षति हुई है। संयोग रहा की वार्ड में कोई अन्य मरीज नहीं था, अन्यथा किसी बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था। व्यवसायी ने नशा मुक्ति केंद्र के वार्ड का गेट, बेड, ऑक्सीजन पाइप लाइन, बिजली बोर्ड, ट्यूब लाइट, शौचालय का नल आदि सामान तोड़ दिया। जिसके बाद गुरुवार की सुबह उसका बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने पीएमसीएच रेफर कर दिया। उक्त व्यवसायी बारह पत्थर का मंटू गुप्ता बताया गया है।
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार ने कहा कि मरीज को रेफर कर दिया गया है। उसे नशा मुक्ति केंद्र के वार्ड में बुधवार की रात में भर्ती किया गया था। जिसके बाद उसने वार्ड में तोड़फोड़ कर दिया। इसमें हजारों की क्षति हुई है। फिलहाल ऐसी स्थिति में किसी मरीज को रखना भी मुश्किल है। एक बेड के अलावे गेट, ट्यूब लाइट, सभी बिजली बोर्ड, ऑक्सीजन पाइप लाइन, शौचालय का नल आदि तोड़ दिया गया है। इसकी सूचना वरीय अधिकारी को भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही इसका मरम्मत करवाकर वार्ड को सुसज्जित बनाने का प्रयास किया जाएगा।
बताया जाता है कि पारिवारिक विवाद में स्वर्ण व्यवसायी ने जमकर उत्पात मचाया। घर में पत्नी को पीटने के साथ जलाने का प्रयास किया। बाद में अपने शरीर पर भी केरोसिन डाल आग लगाने की कोशिश की। फिर नंगे ही सड़क पर पहुंच कर लोगों से बदसलूकी करने लगा। यहां तक की राह चलती महिला एवं महिला सिपाही के साथ भी व्यवसायी ने दुर्व्यवहार किया। इस दौरान मना करने वाले पर भी व्यवसायी के द्वारा हमला कर दिया जाता था। बाद में पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे काबू किया। फिर हाथ पैर बांध कर उसे कपड़ा पहनाया और अस्पताल ले गया।

स्वर्ण व्यवसायी मंटू गुप्ता का बारह पत्थर चौक के समीप का निवासी है। उसी जगह उसकी सोना चांदी की दुकान भी है। जानकारी के अनुसार बुधवार को घर में किसी विवाद को लेकर उसने वह इस कदर बौखला गया था कि किसी की सुनने को तैयार नहीं नहीं था। मारपीट के अलावा उसे कुछ नहीं सूझ रहा था। जो भी उसे समझाने जाता था वह उसी से उलझ जाता था। इसी दौरान वह पत्नी को भी जलाने का प्रयास किया। जिससे आजिज होकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी जिस पर डायल 112 की टीम बारहपत्थर पहुंची और उसे मशक्कत के बाद काबू में कर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल इस मामले में कोई केस नहीं दर्ज हुआ है। थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि घरेलू विवाद का मामला है। अगर लिखित शिकायत दी जाएगी तो, अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *