
समस्तीपुर। समस्तीपुर शहर के आईएमए भवन में हेड नेक एवं ब्रेस्ट कैंसर व अंतर्राष्ट्रीय अंगदान दिवस पर एक दिवसीय सेमिनार सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें कैंसर के बढ़ते मरीज एवं जागरुकता के आभाव में बीमारी का अधिक बढ़ने पर डॉक्टरों ने मंथन किया। इस दौरान पटना व दरभंगा सहित अन्य स्थानों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कैंसर पर विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि अगर समय पर इसकी पहचान हो जाए, तो इलाज आसान होती है।

लेकिन जागरुकता एवं निर्धनता के कारण लोग गांव में ही इलाज कराते हैं, पहचान नहीं होने के कारण बीमारी उग्र रुप पकड़ लेती है। सेमिनार की अध्यक्षता आईएमए के जिलाध्यक्ष डॉ. आरएन सिंह एवं संचालन डॉ. सुप्रियो मुखर्जी ने किया। उद्घाटन आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. डीएस सिंह ने किया।

इस दौरान मगध कैंसर सेंटर पटना के डॉ. रिदु कुमार शर्मा ने कैंसर के कारण और उसके निवारण पर विस्तार से चर्चा की। जिसमें कैंसर होने के विभिन्न कारणों पर भी प्रकाश डाला। इसमें तंबाकू, पान मसाला, गुटखा, शराब आदि नशीले पदार्थों का सेवन से होने की बात कही। साथ ही डॉ. हेमेंद्र कुमार मोदी ने कैसर रोगियों के शल्य प्रक्रिया के बारिकियों को वीडियो के माध्यम से दिखाया।

साथ ही बारिकीयों के बारे में सर्जन को जानकारी दी। वहीं डॉ. निहारिका राय ने महिलाओं में बढ़ रहे स्तन कैंसर पर चिंता व्यक्त करते हुए महिलाओं को जागरुक करने की अपील महिला चिकित्सकों से की। साथ ही स्तन कैंसर के प्रारंभिक जांच के तौर तरीकों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। उन्होंने कहा कि जागरुकता ही एक मात्र रोकथाम का मुख्य उपाय है।

डीएमसीएच के ईएनटी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रिजवान अहमद ने कहा कि कैंसर का मुख्य कारण किसी ना किसी रुप में जर्दा, गुटखा, तंबाकू, पान मसाला, सिगरेट, बीड़ी आदि का सेवन करना है। 60 प्रतिशत बीमारी केवल तंबाकू के सेवन से होता है। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी डॉ. हेमंत कुमार सिंह ने दी।

सेमिनार में भाग लेने वाले चिकित्सकों में आईएमए सचिव डॉ. उपेंद्र सिंह, डॉ. शबनम गुप्ता, डॉ. मोनिका सिंह, डॉ. मंजुला, डॉ. रेणु राणा, डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. श्रद्धा ठाकुर, डॉ. सुष्मिता मुखर्जी, डॉ. शिमाली सिंहा, डाू. एसी सिंहा, डॉ. डीकेमिश्रा, डॉ. रजनीकांत, डॉ. आदर्श कुमार, डॉ. महेश ठाकुर, डॉ. एके आदित्य, डाू. जीसी कर्ण, डॉ. सुशांत कुमार, डॉ. विभाष रंजन, डॉ. निहाल फारुख, डॉ. विकास कुमार आदि उपस्थित थे।






