समस्तीपुर। मोहिउदीननगर थाना क्षेत्र के भदैया गांव में एक पिता ने अपने तीन साल के मासूम पुत्र की गर्दन पर गड़ासा से वार किया। इससे बालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना की सूचना पहुंचे पड़ोसी बालक को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। जहां बच्चे की मौत इलाज के दौरान हो गयी। घटना मंगलवार की देर शाम की है।

मिली जानकारी के अनुसार पुत्र पर गड़ासे से वार करने वाला पिता कुंदन सहनी मंगलवार शाम नशे की हालत में घर आया और किसी बात को लेकर पत्नी से उलझ गया। जिससे दोनों में विवाद होने लगा। उसी बीच कुंदन गड़ासा लेकर पत्नी को काटने के लिए दौड़ा।

इससे डर कर पत्नी भाग गई। उसके बाद कुंदन ने बगल में चौकी पर सो रहे अपने अबोध पुत्र के गर्दन व सिर पर ही गड़ासा से वार कर दिया। उसके बाद घर से भाग निकला। जब उसकी पत्नी घर आई तो पुत्र को लहूलुहान अवस्था में देख चिल्लाने लगी।

उसकी आवाज पर जुटे पड़ोसी बच्चे को आननफानन में इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सको ने उसकी गंभीर स्थिति देख रेफर कर दिया, बाद में बच्चे की मौत हो गयी। थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि पति व पत्नी में विवाद को लेकर घटना हुई है। कुंदन फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।

बच्चे की मौत होने की सूचना मिलते हैं गांव में मातम पसर गया। मासूम की मौत के बाद उसकी मां का रो रो कर बुरा हाल है। आसपास के लोग मृतक की मां को सांत्वना देने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन अपनी आंखों के सामने मासूम की लाश देख वह दहाड़े मार-मार कर रो रही थी।

बच्चे की मौत होने के बाद मोहिउद्दीन नगर थाना शव को पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुटी है। वही पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी पिता कुंदन सहनी को भी गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी पिता कुंदन साहनी हमेशा नशा पान करता था और घर लौटने पर पत्नी से झगड़ा करता रहता था।







