समस्तीपुर/कल्याणपुर। कल्याणपुर प्रखंड में बागमती के जलस्तर में एक बार फिर वृद्धि शुरू होने के साथ कटाव शुरू हो गया है। इससे बाढ़ की आशंका से लोगों में दहशत व्याप्त है। बागमती के जलस्तर में बढ़ोतरी व कटाव से मोरवारा गांव में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क एवं बिजली के खंभे आदि कभी भी कटाव की चपेट में आ सकते हैं।

हालांकि सड़क को कटाव से बचाने के लिए प्लास्टिक के बैग में बालू भरकर सड़क किनारे रखा गया था। लेकिन नदी के कटाव से नवनिर्मित बंडाल के भी नदी में समाने का खतरा उत्पन्न हो गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि विभाग द्वारा कटाव के रोकथाम को लेकर चल रहा काम इन दिनों बंद है। समाजसेवी बेचन कुमार, पूर्व जिला पार्षद मो. नूरुद्दीन, विद्यानंद राय, धर्मेश दर्शन एवं डॉ नितिन विनेश आदि ने बताया कि मोरवारा गांव जाने वाली प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क एवं बिजली के पोल आदि को कटाव की चपेट से बचाने की जरूरत है।

नहीं बचाया गया तो गांव में रहने वाले करीब 200 परिवार को आवागमन करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। बागमती के जलस्तर में बढ़ोतरी से बाढ़ का पानी मोरवारा गांव में तटबंध के निचले इलाके के खेत खलिहानों में फैलने लगा है।

वहीं कटाव से लक्ष्मी नारायण राय की दो कट्ठा उपजाऊ जमीन नदी में समा चुकी है। अंचलाधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि बागमती के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है, परंतु बाढ़ आने की अभी संभावना नहीं है।








