समस्तीपुर। भारत में बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए केंद्र व राज्य सरकार ने जनसंख्या नियंत्रण के लिए तरह-तरह के कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरुक कर रही है। इसके तहत जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा के तहत गांव-गांव में जाकर परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत ई रिक्शा सारथी रथ को रवाना किया गया। सदर अस्पताल परिसर में गुरुवार को सीएस डॉ. एसके चौधरी, डीएमओ डॉ. विजय कुमार, डीएस डॉ. गिरीश कुमार, डीआईओ डॉ. विशाल कुमार, डीसीएम अनीता कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर ई रिक्शा सारथी रथ को रवाना किया।

सीएस ने कहा कि देश में जनसंख्या नियंत्रण के लिए तरह-तरह के कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। चीन को पीछे छोड़कर भारत विश्व में सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश बन गया है। जो चिंता का विषय है। जनसंख्या नियंत्रण के लिए लोगों को जागरुक किया जा रहा है।

इसके तहत विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान लोगों को जनसंख्या नियंत्रण के लिए संचालित परिवार नियोजन कार्यक्रमों की जानकारी घर-घर तक पहुंचायी जा रही है।

सीएस ने कहा कि प्रत्येक प्रखंडों में एक-एक ई रिक्शा सारथी रथ भेजा गया है। जिससे जनसंख्या नियंत्रण के लिए लोगों को परिवार नियोजन से संबंधित जानकारी दी जाएगी। साथ ही योजनाओं से संबंधित पर्ची भी बांटी जा रही है। सीएस ने कहा कि 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस पर सभी अस्पतालों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह ई रिक्शा सारथी रथ दस जुलाई तक क्षेत्रों में भ्रमण करेगी।

सीएस ने बताया कि परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत जनसंख्या नियंत्रण के लिए परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी कार्यक्रमों की जानकारी लोगों को दी जा रही है। उन्होंने बताया कि महिला बंध्याकरण एवं पुरुष नसबंदी जनसंख्या नियंत्रण के लिए स्थायी योजना है। जबकि अस्थायी योजनाओं में कॉपर टी, कंडोम, गर्भ निरोधक गोली, अंतरा सूई आदि शामिल है।

मौके डीसीएस डॉ. आदित्य नाथ झा, डीएएम पंकज कुमार, डीएमईओ आलोक कुमार, डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार, डॉ. विजय कुमार, आरिफ अली सिद्दीकी, डीपीसी कंचन माला आदि उपस्थित थे।







