समस्तीपुर में पहली मानसून ने ही नगर निगम की खोल दी नाला सफाई की पोल, सड़क व मोहल्ला बन गया झील, बढ़ी परेशानी

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिला मुख्यालय में नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। मानसून की पहली बारिश में नगर निगम में सड़क व मोहल्ले झील में तब्दील हो गया। जिसके कारण नगर निगम क्षेत्र के लोगों की समस्या काफी बढ़ गई है। नाला सफाई नहीं होने के कारण मोहल्लों के अलावे मुख्य सड़क पर भी जलजमाव बना हुआ है। समस्तीपुर जिले में गुरुवार की रात मानसून की पहली बारिश हुई। हल्की बारिश में ही शहर का कई मोहल्ला झील बन गया।

नगर निगम क्षेत्र के बारहपत्थर, वीर कुंवर सिंह कॉलोनी, काशीपुर,  सोनबरसा चौक, कचहरी रोड, केई इंटर रोड सहित अन्य सड़कों में जलजमाव हो गया है। जलजमाव के कारण स्थानीय मोहल्ले के लोगों को आने जाने में काफी परेशानी हो रही है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि मानसून अभी आया ही है और हल्की बारिश में ही मोहल्ला झील बन गया।

अगर लगातार बारिश हुई तो फिर से लो लोगों के घरों में पानी जाना तय है। बता दें कि नगर निगम क्षेत्र में नाला सफाई के नाम पर एजेंसी के द्वारा लाखों रुपए खर्च किया गया। लेकिन मानसून की पहली बारिश ने नाला सफाई में खर्च किए गए रुपए की पोल खोल दी। जिसके कारण अब लोग एजेंसी पर तरह-तरह के सवाल भी खड़े कर रहे हैं।

लोगों की शिकायत पर दो दिन पूर्व ही नगर आयुक्त विभूति रंजन चौधरी ने सफाई एजेंसी को जमकर फटकार लगाई थी। लेकिन नगर आयुक्त की फटकार भी काम नहीं आया। बताया जाता है कि एजेंसी के द्वारा सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूरी की जा रही है। शहर के बाजार में नाला सफाई के दौरान जेसीबी से कई दुकानों का सीढ़ी भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। इसकी  शिकायत भी नगर परिषद से की गई थी।

सदर अस्पताल का भी नाला है जाम: समस्तीपुर सदर अस्पताल परिसर में भी बारिश के बाद झील का नजारा हो गया। जिसके कारण कर्मियों एवं मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जाता है कि सदर अस्पताल का नाला जाम रहने के कारण जल निकासी समुचित तरीके से नहीं हो पा रही है।

जिसके कारण बरसात होने के साथ ही अस्पताल परिसर में जलजमाव हो जाता है। बाद में सफाई कर्मियों की मदद से कई जगह नाला में फंसे कचरे को निकाला गया। इसके बाद धीरे-धीरे पानी बाहर निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *