यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर पुलिस ने 24 जून को मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव से हुए लूट मामले का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने 3 बदमाशों को लूट के 10 हजार रुपये और मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में उजियारपुर में प्रेसवार्ता के दौरान दलसिंहसराय एसडीपीओ दिनेश कुमार पांडेय ने बताया कि 24 जून को उजियारपुर थाना क्षेत्र के जनकपुर एनएच 28 के पास बाइक सवार बदमाशों ने विभूतिपुर थाना क्षेत्र के चकबिदौलिया गांव के एमआर संतोष कुमार मिश्रा से लूटपाट की थी। घटना के समय एमआर अपने घर से समस्तीपुर जा रहे थे।

इसी दौरान जनकपुर गांव के पास एनएच 28 पर तीन बदमाशों ने उनसे एक लाख रूपए और पर्स लूट लिया। जिसके बाद पीड़ित एमआर की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गयी। फिर एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर दलसिंहसराय डीएसपी के नेतृत्व में टीम बनाई गई। फिर टीम ने तकनीकी अनुसंधान के तहत कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार बदमाशों के पास से लूट की रकम के 10 हजार रूपए, घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार तीनों बदमाशों की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के बाजिदपुर गांव के दिपेश कुमार, चांदचौर कुर्मी टोल के छोटू कुमार उर्फ अमित कुमार और विवेक कुमार के रूप में हुई है।

इस दौरान दलसिंहसराय डीएसपी ने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों पर ध्यान देने की जरूरत है। इन दिनों अपराधिक घटनाओं में किशोर एवं युवा गिरफ्तार जो रहे हैं। इसलिए सभी अभिभावक अपने बच्चों को समय-समय पर रोके और टोके। साथ ही यह देखें कि उनका बच्चा बाहर कोई गलत गतिविधि में शामिल तो नही है।

बाद में पछताने से कुछ नहीं होता है। इसलिए समय रहते हुए अभिभावक अपने बच्चे की निगरानी जरूर करें। ताकि स्वच्छ और सुंदर समाज का निर्माण हो सके। अगर अभिभावक अपने बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे तो कोई भी बच्चा गलत संगत में जाने से बच जाएगा।






