यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
पटना। पटना सहित राज्य भर में मानसून की सक्रियता बढ़ने से झमाझम बारिश हुई है। इससे उमस वाली गर्मी से निजात मिलने के साथ किसानों को खेती में भी आंशिक राहत मिली है। बारिश की सक्रियता और बादलों की आवाजाही से राज्य के अधिकतर शहरों का तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक पटना समेत राज्यभर में झमाझम बारिश का पूर्वानुमान किया है। इस दौरान एक-दो जिलों में गरज-तड़क की स्थिति बनेगी।

मौसम विभाग ने गुरुवार को नौ जिलों में भारी बारिश जबकि चार जिलों में अत्यधिक यानी बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। गुरुवार को सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, कटिहार, मधेपुरा, भागलपुर, बांका, खगड़िया में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। बुधवार को पटना समेत 25 शहरों का अधिकतम तापमान नीचे आया है।

एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा उत्तर-पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। साथ ही एक निम्न दाब क्षेत्र उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश एवं उसके आसपास स्थित है। इसके प्रभाव से राज्यभर में बारिश की गतिविधियां सामान्य बनी हुई हैं।

पूर्वी चंपारण के मेहसी में 62 मिमी, बांका के बउसी में 48.8 मिमी, किशनगंज के दीघलबैंक में 47.2 मिमी, बांका में 45.8 मिमी, मधेपुरा के मुरलीगंज में 45.4 मिमी, भागलपुर के पीरपैंती में 45 मिमी, किशनगंज के टेढ़ागाछ में 37.4 मिमी, माधीपुर में 36.4 मिमी, खगड़िया के गोगरी में 35.8 मिमी, सुपौल के मरौना में 34.6 मिमी, भागलपुर के सबौर में 34.6 मिमी, भागलपुर में 33.8 मिमी, मधेपुरा के सिंहेश्वर में 33.4 मिमी, सहरसा में 33 मिमी, बांका में 16 मिमी, जमुई में 20 मिमी, मुजफ्फरपुर में 5 मिमी, सुपौल के निर्मली में 32.8 मिमी, दरभंगा के घनश्यामपुर में 32 मिमी, किशनगंज के चरघरिया में 31.6 मिमी, फारबिसगंज में 30 मिमी, अररिया के रानीगंज में 29 मिमी, जमुई में 28.5 मिमी, भागलपुर के कहलगांव में 28 मिमी, खगड़िया के बालतारा में 28 मिमी बारिश हुई है।

बुधवार को पटना समेत कई जिलों में झमाझम बारिश से राज्य के 25 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। पटना में अधिकतम तापमान लगभग चार डिग्री नीचे लुढ़ककर 32.4 डिग्री पर पहुंच गया। यहां 16 मिमी बारिश हुई है। इस दौरान हवा की अधिकतम गति 40 किमी प्रति घंटे तक रही। दिन में झमाझम बारिश के बाद दोपहर दो बजे से धूप निकली। हालांकि ठंडी हवा के प्रवाह से मौसम सुहाना बना रहा।

पटना के अलावा भोजपुर में 4.3 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 2.8 डिग्री, नालंदा में तीन डिग्री, शेखपुरा में 2.4 डिग्री, मोतिहारी में 1.5 डिग्री, गया में 0.8 डिग्री, भागलपुर में दो डिग्री, अररिया में 2.7 डिग्री, सुपौल में 2.8 डिग्री, फारबिसगंज में तीन डिग्री, किशनगंज में चार डिग्री, सुपौल में 2.8 डिग्री, पूसा में 1.1 डिग्री, सीतामढ़ी के पुपरी में 1.5 डिग्री, पूर्णिया में 2.3 डिग्री अधिकतम तापमान में कमी आई है। राज्यभर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37 डिग्री वाल्मीकिनगर का दर्ज किया गया।





