यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले में विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर तबादला का विरोध किया गया। इसके विरोध में कर्मियों ने आंदोलन करने का भी निर्णय लिया है। इस कड़ी में बुधवार को बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला शाखा समस्तीपुर के कार्यकारणी की बैठक जिला अध्यक्ष रामनरेश दास की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान जिला मंत्री राजीव रंजन ने जिला प्रशासन के द्वारा किए गए स्थानान्तरण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्थानान्तरण में भारी अनियमितता बरती गई है। स्थानान्तरण में सरकारी आदेशों का खुलम खुला उल्लंघन किया गया है।

मुख्य सचिव एवं सामान्य प्रशासनिक विभाग के पत्र की भी अनदेखी की गयी। जिसकी महासंघ घोर निन्दा करता है। जिला मंत्री ने कहा सभी परिपत्रों को लगाकर 15 सूत्री माँग पर जिला पदाधिकारी के नाम सम्बोधित माँग स्थापना उपसमाहर्त्ता को दी गयी है। बैठक को सम्बोधित करते हुए पूर्व राज्याध्यक्ष लक्ष्मी कान्त झा ने कहा की लगता है कि जिला प्रशासन ने बिहार में स्थानान्तरण का रिकॉर्ड बनाने का काम किया है।

उन्होंने कहा की जिला प्रशासन अगर सभी मुद्दो पर सरकारी परिपत्रों के आलोक निर्णय नही लेती है तो बाध्य होकर जिले के कर्मचारियों आन्दोलन पर जाने को बाध्य होंगे। जिला मंत्री राजीव रंजन ने कहा की 04 जुलाई को जिला पदाधिकारी के यहाँ आक्रोश पूर्ण प्रदर्शन किया जायगा।

अगर उसके बाद भी समस्याओं का निदान नही होता है तो 04 जुलाई को ही बैठक करके आगे के संघर्ष का निर्णय लिया जायगा। मौके पर महासंघ के अध्यक्ष राम नरेश दास, लक्ष्मी कान्त झा, संजीव कुमार ठाकुर, राम कुमार झा, अवलेश कुमारी, विमलेश चौधरी, निरंजन कुमार, महेन्द्र पंडित, राजीव कुमार, बिन्दु कुमारी सिंह शामिल थे।

महासंघ के जिला मंत्री राजीव रंजन ने बताया कि 4 जुलाई को 9 सूत्री मांगों के समर्थन में सिविल सर्जन का भी घेराव किया जाएगा। राज्य व्यापी आंदोलन के तहत आशा कार्यकर्ताओं के द्वारा यह घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा की आशा कार्यकर्ताओं को ₹10 हजार मानदेय देने सरकारी स्वास्थ्य कर्मचारी घोषित करने सहित 9 सुत्री मांग के समर्थन में सिविल सर्जन का घेराव किया जाना है।






