यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। फाईलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम के तहत समस्तीपुर जिले भर में रात्री रक्त पट संग्रह कार्य शुरु किया गया है। इसका उद्घाट सीएस डॉ. एसके चौधरी ने किया। इसके तहत जिले में 42 टीम के द्वारा ब्लड सैंपल लिया जा रहा है। फाईलेरिया कार्यालय में मंगलवार को डीएमओ डॉ. विजय कुमार ने बताया कि जिले के सभी 20 प्रखंडों में दो-दो टीम कार्यरत है। इसके अलावे समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र में भी दो टीम कार्य कर रही हैं। यह अभियान 19 जून की रात से 24 जून की रात तक जारी रहेगा।

जिसमें एक प्रखंड में कम से कम छह सौ लोगों से ब्लड सैंपल लिया जाएगा। जिसकी जांच की जाएगी। पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद उन्हें मुफ्त में घर पर ही दवा पहुंचायी जाएगी। उन्होंने बताया कि फाईलेरिया के किटाणु दस साल के बाद भी सक्रिय हो जाता है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है कि समाज में फाईलेरिया रोग के प्रसार का प्रतिशत कितना है।

ताकि पॉजिटिव आने वाले लोगों को दवा खिलाकर इसके प्रसार की क्षमता को रोका जा सके। इस दौरान केयर इंडिया के डीटीएल संदीप, भीभीडी कंस्लटेंट संतोष कुमार, मारुती नंदन, नौशाल आलम, मुकुल लाल आदि थे। डीएमओ ने बताया कि रात्री रक्त पट संग्रह अभियान के तहत रात के साढ़े आठ बजे के बाद से ही ब्लड सैंपल लिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि रात के साढ़े आठ बजे से लेकर एक बजे तक ही ब्लड में फाईलेरिया का किटाणु सक्रिय रहता है। जिसके कारण रात में ही ब्लड का सैंपल लिया जाता है। डीएमओ ने बताया कि इस अभियान के तहत इस बार 20 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों का ही ब्लड सैंपल लेना है।

इसके लिए संबंधित क्षेत्र की आशा एवं स्वास्थ्य कर्मियों तथा जनप्रतिनिधियों की मदद से लोगों को रक्त पट संग्रह केंद्र पर बुलाया जाता है। ताकि फाईलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम को गति दिया जा सके।






