समस्तीपुर जीआरपी की पहल, सोशल मीडिया की मदद से ताजपुर में मिली लापता रिटायर्ड शिक्षिका, जीआरपी ने सोशल मीडिया पर शेयर की थी तस्वीर

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर स्टेशन से सरयु जमुना एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा कर रही बुजुर्ग रिटायर्ड शिक्षिका गायब हो गयी। परिजनों की शिकायत पर समस्तीपुर जीआरपी ने सोशल मीडिया पर बुजुर्ग शिक्षिका की तस्वीर शेयर किया। जिसके बाद बाद महिला को ताजपुर में देखा गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों को बुजुर्ग महिला सुपुर्द कर दिया गया। इस पर परिजनों ने समस्तीपुर रेल पुलिस एवं सोशल मीडिया पर शेयर की गयी तस्वीर के आधार पर महिला की पहचान व सुरक्षित रखने वाले को धन्यवाद दिया।


मिली जानकारी के अनुसार परसा थाना क्षेत्र के मिंटू कुमार उर्फ चंदन अपनी मां कलावती कुमारी, बहन अर्चना सिंह व पिता महेश्वर सिंह के साथ ट्रेन संख्या 14650 सरयु जमुना एक्सप्रेस से हाजीपुर से जयनगर जा रहे थे। मिंटू कुमार ने बताया कि वो अपने पिता महेश्वर सिंह के आंख का इलाज कराने लहान नेपाल जाने के लिए 13 जून की रात में हाजीपुर में उक्त ट्रेन को पकड़ा था।

जब ट्रेन समस्तीपुर से खुली तो देखा कि बर्थ पर मां नहीं थी।  उन्होंने बताया कि उनकी मां को भूलने की बीमारी है। वो रिटायर्ड शिक्षिका हैं। जब ट्रेन हायाघाट स्टेशन पर रुकी तो वो लोग वहां से ऑटो रिजर्व कर समस्तीपुर रेल थाना पहुंचे।

इसके बाद रेल थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने लापता शिक्षिका कलावती कुमारी की तस्वीर को सोशल मीडिया व व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से शेयर किया। जिसके आधार पर महिला की पहचान हुई। फिर ताजपुर गोला रोड मिल रोड के पास उक्त महिला को बरामद कर परिजन को सुपुर्द किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *