बिहार : समस्तीपुर में बच्ची की गला घोंटकर हत्या, हत्या के बाद मिट्टी में दफनाया शव, पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने निकाला शव, पिता हुआ गिरफ्तार

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले से हृदय को दहलाने वाली एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। जहां एक पिता के द्वारा अपनी ही दुधमुंही बच्ची की गला घोंटकर मार दिया गया। साथ ही साक्ष्य को छिपाने के लिए घर के पास ही जेसीबी से गड्ढा खोदकर बच्ची के शव को दफना दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा में हड़कंप मच गया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची के पिता एवं बच्ची के दादा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इसके बाद परत दर परत मामला खुलने लगा। परिवारिक विवाद में बच्चे की हत्या करने की बात सामने आई है। इस मामले में बच्ची की मां के बयान पर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया। वहीं मजिस्ट्रेट के सामने में गड्ढे से बच्ची की लाश को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


बताया जाता है कि घटना के बाद बच्ची की मां घर से बाहर निकलकर उसकी मां ने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। फिर इसकी सूचना मुसरीघरारी पुलिस को दी। यह घटना शनिवार को हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार दोपहर इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दफनाए गए शव को खोदकर जमीन से बाहर निकाला। और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। वहीं पुलिस ने आरोपी पिता मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के संबंध में ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मुकेश बी एलोथ गांव में एक कोचिंग संचालित करता है। उसी दौरान कोचिंग में पढ़ाने वाली मनीषा कुमारी नामक एक शिक्षिका से प्रेम हुआ और दोनों ने करीब 5 साल पूर्व प्रेम विवाह किया था। लेकिन परिवार में इसका विरोध जारी रहा। शनिवार को पति पत्नी के बीच विवाद हुआ।
विवाद के बाद मुकेश ने अपनी बच्ची का गला घोंट डाला। जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान बच्ची की माँ मनीषा ने इसका विरोध किया तो उसे भी मार देने की बात कही गयी। फिर भाड़े पर जेसीबी मंगवा कर बच्ची को करीब 18 फीट नीचे गड्ढे में दफन करवा दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि इस घटना के बाद बेसूध बच्ची की मां मनीषा शनिवार देर शाम किसी तरह भागकर अपने मायके लाटबसेपूरा गांव पहुंची। जहां अपने परिवार के लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। फिर इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। लेकिन वह लौट आई, उस समय परिवार के लोगों का कहना था कि बच्ची बीमारी के कारण मरी है। जिस कारण उसे दफना दिया गया है। लेकिन ग्रामीणों के विरोध के बाद रविवार को शव खोद कर बाहर निकाला गया।

इस संबंध में सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना के बाद बच्ची की मां मनीषा द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति के बाद शव को जमीन खोदकर बाहर निकाला गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। ताकि यह स्पष्ट हो सके की मौत का कारण क्या है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *