यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
मधुबनी। मधुबनी के मधेपुर प्रखंड के तरडीहा गांव के संदीप कुमार झा ने IPS का प्रशिक्षण लेने के दौरान भी अपना प्रयास जारी रखा। सिविल सेवा परीक्षा 2022 में तीसरे प्रयास में संदीप ने 24वीं रैंक लाकर मधेपुर सहित मधुबनी जिले का मान बढ़ाया है। फिलहाल अभी संदीप हैदराबाद स्थित नेशनल पुलिस एकेडमी में आईपीएस की ट्रेनिंग ले रहे हैं। पहले प्रयास में वे इंटरव्यू तक पहुंचे थे। दूसरे प्रयास में 186वां स्थान लाकर आईपीएस के लिए चयनित हुये थे।

उनके पिता सुमन कुमार झा ठेकेदारी करते हैं, जबकि माता सुनयना देवी गृहिणी हैं। संदीप की पांचवीं तक की पढ़ाई गांव तरडीहा में हुई। नवोदय विद्यालय मधुबनी से 2012 में उन्होंने 10सीजीपीए से दसवीं पास किया। मधुबनी के ही इंडियन पब्लिक स्कूल से 2014 में 94 फीसदी अंकों से 12वीं की परीक्षा पास की। वर्ष 2014 में ही आईआईटी की परीक्षा पास की थी।

जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुये 1313वीं रैंक प्राप्त की थी। संदीप झा ने बताया कि उन्हें गणित से गहरा लगाव था। इसलिए आईआईटी में पास होने के बाद आईआईटी खड़गपुर से मैथमेटिक्स एंड कम्प्यूटिंग में पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स बीएससी एण्ड एमएससी करीब आठ सीजीपीए से 2019 में पास किया।

सिविल सेवा परीक्षा में उनका वैकल्पिक विषय भी गणित था। संदीप के बड़े भाई सुधाकर झा एलएंडटी कंपनी में बंगलोर में इंजीनियर हैं। जबकि उनकी भाभी पल्लवी झा भी सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।

संदीप झा कहते हैं कि उनका लक्ष्य आईएएस था। इसलिए उन्होंने आईपीएस में चयनित होने के बाद ट्रेनिंग करते हुये और मेहनत कर फिर यूपीएससी की परीक्षा दी। किस्मत ने साथ दिया तथा आईएएस के लिए चयनित हुये। वे अपनी सफलता का श्रेय पिता सुमन कुमार झा, माता सुनयना देवी, भाई सुधाकर झा, भाभी पल्लवी झा, दादी पार्वती देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों की प्रेरणा व ईश्वर के आशीर्वाद को देते हैं।

उनकी सफलता पर बड़े दादा गोनू झा, गोविंद मोहन झा शंभू जी, राजीव कुमार झा, राज कुमार झा, शुभम झा, ज्योती झा, अनिल झा, हरेराम मंडल सहित प्रखंड क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है। संदीप के आईएएस के लिए चयन होने पर तरडीहा गांव में जश्न का माहौल है। वहीं हैदराबाद से मोबाइल पर संदीप ने बताया कि एक लक्ष्य बनाकर पढ़ाई करने से ट्रेनिंग या नौकरी में रहकर भी सफलता का परचम लहराया जा सकता है।






