यहां क्लीक कर व्हाटसएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के हरियाबाद चक्का में शराब धंधेबाज को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस व धंधेबाज के परिजनों के बीच झड़प हो गयी। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। जिसमें पुलिस ने दो राउंड फायरिंग की। जिसमें परिजन के अनुसार आरोपी की मां सुमितत्रा देवी के जख्मी होने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस ने गोली से जख्मी होने की बात से इंकार कर दिया है।

पुलिस ने इस मामले में शराब कांड के फरार चल रहे आरोपी व धंधेबाज राजेश महतो एवं उसकी मां सुमित्रा देवी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य आरोपियों की पहचान करने में पुलिस जुटी है। इस मामले में असमाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने एवं अन्य आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

इधर, सूत्रों की मानें तो मंगलवार की सुबह जब पुलिस छापेमारी करने पहुंची तो राजेश खाना खा रहा था। इसी दौरान उसकी मां पहुंच गयी और विवाद शुरु हो गया। इसी बीच फायरिंग हुई तो अफरातफरी मच गयी।

इस संबंध में समस्तीपुर पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा है कि 23 मई मंगलवार की सुबह आठ बजे खानपुर थाने की पुलिस को गुप्त सूचना मिली की शराब धंधेबाज राजेश महतो अपने घर हरियाबाद चक्का आया हुआ है। साथ ही शराब की बड़ी खेप उतारने वाला है। पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए हरियाबाद चक्का में छापेमारी कर धंधेबाज राजेश महतो को गिरफ्तार कर लिया।

राजेश महतो की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने के लिए पुलिस पर हमला का प्रयास किया गया। उपद्रवियों की उग्र स्थिति को देखते हुए पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ में हवाई फायरिंग की गयी एवं मामला को शांत कराया गया। साथ ही अभियुक्त राजेश महतो की मां सुमित्रा देवी को पुलिस पर हमला करने एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

असमाजिक तत्वों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने एवं पुलिस पर हमला के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। साथ ही उनको चिंहित कर गिरफ्तारी केलिए छापेमारी की जा रही है।






