समस्तीपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत पर बवाल, घंटों किया यातायात बाधित से परेशान रहे लोग

यहां क्लीक कर व्हाटएसप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र के मथुरापुर ओपी अंतर्गत रामनगर हनुमान मंदिर के पास शनिवार की अहले सुबह एक पिकअप की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी। घटना उस समय हुई जब युवक अपने घर के बाहर सोया हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप ने उसे कूचल दिया, जिससे युवक की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी। मृतक की पहचान स्व रामचंद्र मल्लिक़ के 40 वर्षीय पुत्र नन्हकी मल्लिक के रूप में पहचान की गयी है।

युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने रामनगर में समस्तीपुर बहेड़ी मुख्य सड़क को जाम कर दिया। जिसके कारण उक्त पथ पर घंटों यातायात सेवा बाधित हो गया। वहीं जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गयी। जिसके कारण मथुरापुर घाट पर भी यातायात सेवा काफी देर तक प्रभावित रहा।


घटना की सूचना पर मथुरापुर ओपी अध्यक्ष मो. खुशबुद्दीन एवं उनकी पुलिस टीम पहुंच कर काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा कर शांत करा जाम हटवाया। उन्होंने मृतक के परिजन को तत्काल बीस हजार रुपये का चेक दिलवाने के साथ मुआवजा मद में चार लाख रुपये दिलाने का आश्वासन दिया, तब दो घंटे बाद लोगों ने जाम हटाया।


मिली जानकारी के अनुसार युवक घर पर टोकरी और बांस का सामान बनाने का पुश्तैनी काम करता था। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि पार्ट टाइम में नगर निगम में सफाई का काम भी करता था। परिजनों ने बताया कि रामनगर में सड़क किनारे ही उनका घर है। नन्हकी रात में घर के बाहर जमीन पर सोया था। सुबह उधर से गुजरने के क्रम में एक पिकअप उसे कुचलते हुए निकल गया। जख्मी हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से शव लेकर आने के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने रामनगर में सड़क पर लाश रख सड़क जाम कर दिया। जामस्थल पर मौजूद परिजनों का आरोप था कि स्थानीय एक व्यक्ति शराब का अवैध धंधा करता है। बांध किनारे शराब छुपा कर रखता है और अहले सुबह पिकअप से अपने ठिकानों पर शराब को भेजता है। ग्रामीण धंधेबाज को गिरफ्तार करने और मृतक़ के परिजन को मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे।


बाद में जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस को परिजन बांध पर भी ले गए। जहां से शराब की कुछ बोतल भी मिली। इसके बाद ओपी अध्यक्ष ने परिजन को आवेदन देने को कहा। थानाध्यक्ष ने कहा कि आवेदन के आलोक में वे समुचित कार्रवाई करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *