हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
दरभंगा। सुपौल पुलिस ने दरभंगा विश्वविद्यालय पुलिस के सहयोग से टॉप टेन अपराधियों की सूची में शामिल अभिरंजन कुमार को दरभंगा से गिरफ्तार कर लिया। दरभंगा के सिटी एसपी सागर कुमार झा ने प्रेस वार्ता में कहा कि अभिरंजन सुपौल जिले का कुख्यात है। जिले के टॉप 10 अपराधियों की सूची में उसका नाम शामिल है। अभिरंजन के खिलाफ सुपौल में आर्म्स एक्ट के दो तथा मारपीट के दो मामले दर्ज हैं। नदी थाना क्षेत्र में 16 सितम्बर 2021 को अवैध हथियार बरामदगी को लेकर कांड संख्या 56/ 21 दर्ज है। उक्त मामले में अभिरंजन लंबे समय से फरार है। गिरफ्तार मनसारा निवासी चंदन कोचिंग संचालक है।

बताया जाता है कि विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के रानीपुर नवटोलिया से पुलिस ने देर रात सुपौल जिले के एक कुख्यात समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन लोगों के पास से पांच किलो 380 ग्राम गांजा, एक लग्जरी कार व एक बाइक जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुपौल जिले के नदी थाने के पचगछिया कोनी निवासी अभिरंजन कुमार, प्रतापगंज थाना क्षेत्र के पूरनडीही निवासी नीतीश कुमार व दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाने के मनसारा निवासी चंदन कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि हथियार तस्कर अभिरंजन की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी आधार पर सुपौल जिले की पुलिस दरभंगा पहुंची थी।

पुलिस को सूचना मिली थी कि अभिनंदन नवटोलिया में एक मकान में किराये पर रह रहा है। उक्त मकान में सुपौल जिले के नदी थानाध्यक्ष राजीव कुमार, मरौना थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार एवं विश्वविद्यालय थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर तीन लोगों के साथ भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। सुपौल पुलिस ने गांजे के साथ पकड़ाए लोगों को विश्वविद्यालय थाने के हवाले कर दिया। पुलिस के द्वारा गिरफ्तार अपराधियों के अलावा गांजा तस्करी में शामिल उनके अन्य सहयोगियों की शिनाख्त के लिए पुलिस पूछताछ कर रही है।





