पीएचडी कोर्स वर्क में नामांकन के लिए 20 मार्च से होगी साक्षात्कार की प्रक्रिया

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

दरभंगा। पीएचडी कोर्स वर्क में नामांकन के लिए अब आगे की प्रक्रिया यानी साक्षात्कार आयोजित की जायेगी। साक्षात्कार की तिथि सभी विभागों के लिए तय कर दी गई है। उप-परीक्षा नियंत्रक प्रथम डॉ. ज्योति प्रभा ने बताया कि साक्षात्कार की प्रक्रिया दिनांक 20 मार्च 2023 से 31 मार्च 2023 तक संबंधित विषयों के स्नातकोत्तर विभागों में पूरी की जायेगी। इसको लेकर सभी विभागाध्यक्षों को भी संबंधित जानकारी एवं आवश्यक कागजात उपलब्ध करा दी गई है।
डॉ. प्रभा ने बताया कि साक्षात्कार से संबंधित सूची ल. ना. मिथिला विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी गई है। 20 प्रतिशत सीट नेट/जेआरएफ के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित है। साक्षात्कार संबंधित पत्र अभ्यर्थियों के द्वारा उपलब्ध कराए गए ई-मेल आईडी पर भेज दिया गया है। साक्षात्कार में शामिल हो रहे अभ्यर्थियों को साक्षात्कार पत्र में वर्णित सभी आवश्यक अभिलेख के साथ शोध-प्रस्ताव के साथ लाना है। अभिलेख की मूलप्रति के साथ उसकी एक सेट छायाप्रति स्वहस्ताक्षरित भी विभाग में प्रस्तुत करना है।
डॉ. प्रभा ने बताया कि पैट 2021-22 प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण 717 और परीक्षा छूट प्राप्त किये 807 इस कुल मिलाकर 1524 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार हेतु पत्र भेजा गया है। अभ्यर्थी अपने क्रमांक के अनुसार तय तिथि को अपने विषय से संबंधित स्नातकोत्तर विभाग में उपस्थित होकर साक्षात्कार में शामिल होंगे। शिक्षा विषय का साक्षात्कार स्थल विश्वविद्यालय उर्दू विभाग को बनाया गया है। साक्षात्कार से संबंधित तिथि में किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *