समस्तीपुर। समस्तीपुर समाहरणालय परिसर में समस्तीपुर एसपी विनय तिवारी के द्वारा गठित टीम ने चोरी व छिनतई की गई 26 लाख रुपए मूल्य के 15 बाइक को बरामद कर उनके वास्तविक धारको को सौंप दी। पुलिस ने इस मामले में अलग-अलग स्थानों से 13 बदमाशों को भी गिरफ्तार किया है। जिन्हें पुलिस के द्वारा जेल भेज दिया गया। एसपी विनय तिवारी ने मीडिया को बताया कि चोरी, लूट व छिनतई की बाइक को बरामद करने के लिए पांच रिकवरी टीम का गठन किया गया। मुख्यालय डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में यह टीम लगातार काम कर रही है। इस टीम ने दूसरे फेज में 15 बाइक बरामद की है, जो विभिन्न थाना क्षेत्र से लूटे व चोरी किया गया था। इसकी कीमत लगभग ₹26 लाख आंकी गई है। उन्होंने बताया कि कल्याणपुर थाना क्षेत्र के तीन, नगर थाना क्षेत्र से दो, इसके अलावा खानपुर, वारिसनगर, सरायरंजन, मुसरीघरारी, ताजपुर, मथुरापुर, मुफस्सिल, बिथान सहित अन्य थाना क्षेत्रों से गायब हुए 15 बाइक को रिकवरी टीम ने बरामद की। जिसे कोर्ट के आदेश पर आज उसके असली मालिक को वाहन का चाबी सौंप दिया गया। मौके पर मुख्यालय डीएसपी अमित कुमार व गठित टीम के अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे।







