समस्तीपुर/रोसड़ा, दूरबीन न्यूज। समस्तीपुर जिले में अपराधी इतने बेखौफ हो गए हैं कि पुलिस के सामने ही घटना को अंजाम दे देते हैं। वहीं पुलिस खड़ी होकर मूकदर्शक बनी रहती है। ताजा मामला रोसरा थाना क्षेत्र का है जहां रोसरा बाजार में पुलिस की मौजूदगी में एक उचक्के ने झपट्टा मारकर 49 हजार रुपये उड़ा लिया और पीड़ित चिल्लाते रहे, रोते रहे, लेकिन किसी ने उसकी कोई मदद नही की। हालांकि सभी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गयी। घटना मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे के आसपास की शहर के टावर चौक की है।
पीड़ित थाना क्षेत्र के भिरहा वार्ड संख्या 13 निवासी महावीर चौरसिया है। पीड़ित के अनुसार वह शहर के पीएनबी शाखा से 49 हजार रुपये की निकासी की थी। इसके बाद वह घर लौट रहा था। इसी क्रम में टावर चौक के समीप केला खरीदने लगा, तभी बाइक सवार उच्चकों ने उसके साईिकल से रुपए वाला झोला झटक लिया। पीड़ित ने बताया कि दो बाइक पर सवार चार उच्चके थे। ताज्जुब की बात यह है कि उच्चकों ने ट्रैफिक पुलिस के सामने घटना को अंजाम दिया और पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
जबकि पीड़ित ने शोर भी मचाया और रोता बिलखता रहा, पर किसी ने उच्चकों का पीछा करने की जहमत तक नहीं उठायी। हालांकि सूचना पर नगर इंस्पेक्टर कृष्ण प्रसाद दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने उच्चकों के भागने की दिशा में पीछा भी गया, पर तब तक उच्चके फरार हो चुके थे। पीड़ित ने बताया कि वह मजदूरी किया करता है और बेटे की ईलाज के लिए रुपये निकासी किया था। इधर, घटनास्थल के आसपास दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज में भी संदिग्धों की गतिविधियां कैद हो गयी है।







