गिट्टी लदे 14 चक्का ट्रक से 2295 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक और खलासी गिरफ्तार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने और अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत रोसड़ा मद्य निषेध थाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हथौड़ी थाना क्षेत्र के बहादुरपुर चौक स्थित एक बालू-गिट्टी डिपो पर छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान डिपो पर खड़े गिट्टी लदे 14 चक्का ट्रक की तलाशी लेने पर उसके अंदर छिपाकर रखी गई कुल 2295 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से ट्रक के चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
शनिवार को रोसड़ा उत्पाद थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बहादुरपुर चौक स्थित बालू-गिट्टी डिपो के माध्यम से बड़े पैमाने पर अवैध विदेशी शराब की तस्करी की जा रही है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए रोसड़ा मद्य निषेध थाना की टीम ने तत्काल छापेमारी की। इस दौरान डिपो परिसर में खड़े 14 चक्का ट्रक को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई। ट्रक के ऊपर गिट्टी लदी हुई थी, जबकि उसके अंदर छिपाकर शराब की खेप रखी गई थी। तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की बीयर और विदेशी शराब बरामद की गई। उत्पाद अधीक्षक के अनुसार बरामद कुल 2295 लीटर शराब में 662.400 लीटर बीयर और 1632.600 लीटर विदेशी शराब शामिल है।

बीयर कुल 58 कार्टून में रखी गई थी। बरामद शराब में बीयर के दो और विदेशी शराब के तीन ब्रांड शामिल हैं। इस तरह गिट्टी की आड़ में शराब की बड़ी खेप को छिपाकर ले जाने अथवा आपूर्ति करने की तैयारी की गई थी।

मौके से गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के जोगिया वार्ड संख्या तीन निवासी रामनंद महतो के पुत्र ट्रक चालक विक्रम कुमार तथा खोदावनपुर थाना क्षेत्र के टारा बरियारपुर वार्ड संख्या 11 निवासी विनोद पासवान के पुत्र खलासी जौसन कुमार के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उत्पाद विभाग की ओर से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में सत्यम ट्रेडर्स बालू-गिट्टी डिपो के संचालक हथौड़ी थाना क्षेत्र के बल्लीपुर वार्ड संख्या दो निवासी नीलांबर चौधरी के पुत्र अमित चौधरी और अजय चौधरी की संलिप्तता सामने आई है।

दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल दोनों फरार बताए जा रहे हैं।
उन्होंने आशंका जताई कि डिपो से छोटी-छोटी गाड़ियों के माध्यम से शराब की आपूर्ति विभिन्न स्थानों पर की जाती होगी।

गिरफ्तार चालक और खलासी से पूछताछ तथा डिपो संचालकों की गिरफ्तारी के बाद शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन-किन स्थानों पर की जानी थी, इसकी विस्तृत जानकारी मिल सकेगी। उत्पाद विभाग पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

*स्वर्ण व्यवसायी के प्रतिष्ठान में लूट की साजिश नाकाम, दो गिरफ्तार; हथियार खरीदने के लिए 10 हजार एडवांस देने का खुलासा – Doorbeen News*

स्वर्ण व्यवसायी के प्रतिष्ठान में लूट की साजिश नाकाम, दो गिरफ्तार; हथियार खरीदने के लिए 10 हजार एडवांस देने का खुलासा

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *