व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर । समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी के प्रतिष्ठान में लूट की साजिश रचने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष छापेमारी टीम ने अलग-अलग चरणों में कार्रवाई करते हुए कुल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया है। मामले की जांच के दौरान एक अन्य आरोपी दीपक कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है, जिस पर हथियार खरीदने के लिए 10 हजार रुपए एडवांस देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर की रात सूचना मिली थी कि दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में एक स्वर्ण व्यवसायी के प्रतिष्ठान में लूट या डकैती की घटना को अंजाम देने के लिए कुछ अपराधी योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम में तकनीकी शाखा और एसटीएफ की मदद भी ली गई।
बगीचे में छापेमारी कर दो आरोपियों को पकड़ा
पुलिस टीम ने 5 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे अजनौल गांव में बगीचे में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने प्रवीण कुमार ठाकुर और पारस कुमार महतो को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके पास से एक लोहे का देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो स्क्रू ड्राइवर और एक मोबाइल बरामद किया गया। इस मामले में दलसिंहसराय थाना कांड संख्या 644/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पूछताछ में हथियार खरीदने के लिए एडवांस देने की बात आई सामने
इसी कांड के अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने 6 नवंबर की सुबह करीब 2 बजे छापेमारी कर कुंदन झा को गिरफ्तार किया। वह दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के एमआईजीपी कॉलोनी, वार्ड संख्या-8 निवासी संजय झा का पुत्र है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान कुंदन झा ने बताया कि दीपक कुमार और उसके भाई डॉ. नवीन कुमार के बीच क्लीनिक को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में राकेश कुमार को आठ लाख रुपए देने और लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी। पुलिस के मुताबिक, दीपक कुमार ने हथियार खरीदने के लिए 10 हजार रुपए एडवांस दिए थे। इसके बाद हथियार खरीदकर छिपा दिया गया था।
कुंदन झा की निशानदेही पर पुलिस ने अजनौल डीह स्थित जटहू ठाकुर के बगीचे में छिपाकर रखा गया एक लोहे का देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा कुंदन झा के पास से रेडमी कंपनी का एक मोबाइल भी जब्त किया गया।

साईं नर्सिंग होम से जुड़े दीपक कुमार भी गिरफ्तार
पुलिस ने हथियार बरामदगी और मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर दलसिंहसराय थाना कांड संख्या 648/26, दिनांक 6 नवंबर 2026 दर्ज किया। इसमें बीएनएस की धारा 310(4), 310(5), 310(6) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 और 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में दीपक कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, दीपक कुमार डॉ. नवीन कुमार का भाई है और दलसिंहसराय स्थित साईं नर्सिंग होम से जुड़ा है।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार कुंदन झा का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में नाम सामने आने की बात पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति में कही है। पुलिस पूरे मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

*शिवाजीनगर पुलिस की दो जगहों पर बड़ी कार्रवाई, 279.635 लीटर विदेशी व देसी शराब बरामद, चार धंधेबाजों की पहचान, एक गिरफ्तार – Doorbeen News*











One Comment