व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk : शिवाजीनगर : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने और अवैध शराब के कारोबार एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिवाजीनगर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जंगल और सुनसान स्थान पर छिपाकर रखी गई 256.635 लीटर विदेशी शराब तथा एक किराना दुकान से 23 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की है।
दोनों मामलों में कुल 279.635 लीटर शराब जब्त की गई है। विदेशी शराब मामले में चार धंधेबाजों की पहचान की गई है, जबकि देसी शराब बरामदगी के मामले में एक आरोपित को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा शराब के अवैध कारोबार एवं परिवहन में प्रयुक्त एक बजाज पल्सर बाइक भी जब्त की गई है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार की रात करीब 9:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मोहनघाटी गांव रामजानकी मठ के समीप सत बिगघि गाछी में कुछ आदतन शराब कारोबारी चोरी-छिपे विदेशी शराब मंगवाकर अपने सहयोगियों के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में बिक्री कर रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस बल को रवाना किया गया।
पुलिस टीम रात करीब 10:10 बजे सूचना के आधार पर बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां कुछ व्यक्ति कार्टन एवं अन्य सामान के साथ संदिग्ध अवस्था में मौजूद थे।

पुलिस वाहन और जवानों को देखते ही सभी व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। इसके बाद चौकीदार एवं स्थानीय स्रोतों के माध्यम से भागने वाले व्यक्तियों की पहचान की गई। पुलिस टीम ने जंगल और सुनसान गाछी में विधिवत तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांड की कुल 256.635 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मौके से काले रंग की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, इस मामले में चार आरोपितों की पहचान की गई है।

इनमें परसा गांव के वार्ड संख्या 13 निवासी शंकर मंडल, पिता रामउदित मंडल, बंदा गांव के वार्ड संख्या तीन निवासी अभिषेक कुमार राय उर्फ गोपाल कुमार राय, पिता कृष्ण कुमार राय, बंदा गांव के वार्ड संख्या तीन एवं चार निवासी अविनाश राय, पिता कृष्ण कुमार राय तथा बंदा गांव के वार्ड संख्या 13 निवासी अमित कुमार, पिता बैजनाथ राय शामिल हैं। सभी आरोपित शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।थानाध्यक्ष ने बताया कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान के तहत छह नवंबर 2026 को शाम करीब 4:50 बजे पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के सत्यापन के बाद परसा गांव स्थित परसा पुलिया के समीप एक किराना दुकान में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा।

हालांकि, सशस्त्र पुलिस बल के सहयोग से उसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपनी पहचान परसा गांव के वार्ड संख्या 13 निवासी कृष्ण कुमार, पिता हीरालाल मंडल के रूप में बताई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर उसकी किराना दुकान की तलाशी ली। इस दौरान दुकान से 23 लीटर अवैध देसी चुलाई शराब बरामद की गई।
पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त कर जब्ती सूची तैयार की तथा आरोपित को उसके अपराध से अवगत कराते हुए गिरफ्तार कर लिया।थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में बरामद शराब को जब्ती सूची तैयार कर थाना लाया गया है।

विदेशी शराब बरामदगी मामले में चार नामजद आरोपितों की पहचान करते हुए उनके साथ अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, देसी चुलाई शराब बरामदगी मामले में गिरफ्तार कृष्ण कुमार के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार, भंडारण और तस्करी में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे कारोबारियों के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।


*किराना दुकान की आड़ में चल रहा था मादक पदार्थों का कारोबार, 61 ग्राम स्मैक व गांजा बरामद, एक गिरफ्तार – Doorbeen News*





