व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें
Doorbeen News Desk : शिवाजीनगर : प्रखंड अंतर्गत शिवाजीनगर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर शिवाजीनगर पुलिस एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की संयुक्त टीम ने डुमरा चौक से एक किराना दुकान में छापेमारी कर स्मैक, गांजा, अन्य मादक पदार्थ और गांजा भरी सिगरेट बरामद की।
इस दौरान दुकान संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध मादक पदार्थों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि डुमरा चौक पर एक किराना दुकान की आड़ में चोरी-छिपे मादक पदार्थों की बिक्री की जा रही है।


सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए रोसड़ा एसडीओ पूजा कुमारी के आदेश पर बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह को सक्षम दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया। इसके बाद थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के नेतृत्व में एसआई दिलीप कुमार चौधरी, एएसआई शैलेश कुमार सहित पुलिस बल ने दुकान पर छापेमारी की।
पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे दुकान संचालक को खदेड़कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान डुमरा मोहन पंचायत के डुमरा वार्ड 4 निवासी गंगो मंडल के पुत्र फुल कुमार मंडल उर्फ फूलो मंडल के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने दुकान से स्मैक और गांजे की पुड़िया बेचने की बात स्वीकार की।


तलाशी के दौरान दुकान के लकड़ी के काउंटर के नीचे से 61 ग्राम स्मैक, 22 ग्राम गांजा, पांच ग्राम भूरे रंग का मादक पदार्थ तथा गांजा भरी 20 सिगरेट बरामद की गई। बरामद सभी मादक पदार्थों को दंडाधिकारी की उपस्थिति में वजन कर विधिवत जब्त किया गया और मौके पर ही सीलबंद किया गया।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मौके पर एसआई मुकेश कुमार सिंह, मीनू कुमारी, दिलीप कुमार चौधरी मौजूद थे।



*जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने किया EVM व VVPAT गोदाम का मासिक निरीक्षण; सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा – Doorbeen News*






One Comment