मिथिला विश्वविद्यालय की वॉलीबॉल टीम ने फकीर मोहन विश्वविद्यालय को 3-1 से हराया, ऑल इंडिया प्रतियोगिता के लिए किया क्वालिफाई

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा की वॉलीबॉल टीम ने पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है। पश्चिम बंगाल के एडमास विश्वविद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में मिथिला विश्वविद्यालय की टीम ने फकीर मोहन विश्वविद्यालय को 3-1 से हराकर ऑल इंडिया प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की की। इसके बाद लीग मुकाबले में उत्कल विश्वविद्यालय को पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में कुल चार टीमों ने अखिल भारतीय स्तर के लिए क्वालिफाई किया है। इनमें ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, उत्कल विश्वविद्यालय (ओडिशा), कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी विश्वविद्यालय (ओडिशा) और मेजबान एडमास विश्वविद्यालय (पश्चिम बंगाल) शामिल हैं। टीम के टोली प्रबंधक कुमार राजर्षि ने इसकी जानकारी दी।

समस्तीपुर के हरि किशन भी टीम में शामिल

मिथिला विश्वविद्यालय की विजेता टीम में समस्तीपुर के बाबा विश्वनाथ केदारनाथ विमला कॉलेज, रामपुर-दूधपुरा के हरि किशन शामिल हैं। इनके अलावा मारवाड़ी कॉलेज दरभंगा के शुभम कुमार पोद्दार, एपीएसएम कॉलेज बरौनी के मृत्युंजय कुमार और हिमांशु कुमार, एसबीएसएस कॉलेज बेगूसराय के उत्कर्ष कुमार मुस्कान और निहाल कुमार, मिल्लत टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज मधुबनी के रौशन कुमार, रोहन कुमार और मोनू कुमार शामिल हैं।

वहीं, महंत राम जीवन दास कॉलेज विष्णुपुर के मयंक कुमार और हिम्मत कुमार, आरबीएस कॉलेज तेयाई के अंकुर कुमार और राघव कुमार तथा जीडी कॉलेज बेगूसराय के ललित कुमार ने भी टीम की जीत में योगदान दिया।

कुलपति ने खिलाड़ियों को दी बधाई

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने पश्चिम बंगाल में मौजूद खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और प्रबंधन समिति से फोन पर बात कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अनुशासन, इच्छाशक्ति और खेल भावना का परिचय देते हुए विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई करना बड़ी उपलब्धि है। उन्हें उम्मीद है कि टीम आगे भी इसी ऊर्जा के साथ बेहतर प्रदर्शन करेगी।

खेल निदेशालय के निदेशक प्रो. अजय नाथ झा ने कहा कि कठिन मुकाबलों के बीच टीम का क्वालिफाई करना खिलाड़ियों की मेहनत और बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम है। यह विश्वविद्यालय में विकसित हो रही खेल संस्कृति का प्रमाण है। खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा ने भी टीम के प्रदर्शन की सराहना की।

प्रशिक्षकों की मेहनत को बताया सफलता का आधार

स्नातकोत्तर क्रीड़ा परिषद की अध्यक्ष डॉ. प्रियंका राय ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि टीम ने पूर्वी क्षेत्र की कठिन प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और अनुशासन साबित किया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत और खेल विभाग के प्रयासों को दिया।

विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने टीम के मुख्य प्रशिक्षक दंगल कुमार सिंह, प्रशिक्षक राजेश कुमार सिंह और सहायक प्रशिक्षक संतोष कुमार के योगदान की सराहना की। खेल टेक्निकल मनीष राज और सुमित कुमार झा सहित खेल विभाग के सदस्यों ने भी खिलाड़ियों को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।

*साहित्यकार हरि को मिला छंदःशाला काव्य-साधना पुरस्कार, पुरस्कार में मिला चादर, प्रतीक चिह्न और नकद पुरस्कार राशि – Doorbeen News*

साहित्यकार हरि को मिला छंदःशाला काव्य-साधना पुरस्कार, पुरस्कार में मिला चादर, प्रतीक चिह्न और नकद पुरस्कार राशि

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *