शिवाजीनगर व हथौड़ी थाना परिसर में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, पुलिसकर्मियों ने ली एकता-अखंडता की शपथ

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk : शिवाजीनगर : सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत प्रखंड अंतर्गत शिवाजीनगर एवं हथौड़ी थाना परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों, स्कूली बच्चों एवं स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की सुरक्षा के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।

थाना परिसर में मुख्य समारोह के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी, जिसके माध्यम से उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित भव्य परेड एवं अन्य कार्यक्रमों को देखा। लाइव प्रसारण के दौरान देश की सुरक्षा बलों का अनुशासित परेड और उनके साहस एवं समर्पण को देखकर उपस्थित लोगों में देशभक्ति की भावना और प्रबल हुई। पुलिसकर्मियों एवं बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। दोनों थाना परिसरों में राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का माहौल देखने को मिला।

शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार बल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश की विभिन्न रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनका जीवन देशहित को सर्वोपरि रखने और राष्ट्रीय एकता के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें आपसी भाईचारे, शांति और देश की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर प्रदान करता है। वहीं, हथौड़ी थानाध्यक्ष मौसम ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों में एकता, भाईचारा, आपसी सद्भाव और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना है। देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखना केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने लोगों से जाति, धर्म और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी सहयोग एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में दोनों थाना परिसरों में उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों एवं नागरिकों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। इस आयोजन के माध्यम से लोगों को राष्ट्रहित में एकजुट रहने तथा देश की मजबूती में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

मौके पर हथौड़ी थाना के अपर थानाध्यक्ष मुखराम सिंह, विनोद सिंह, नवीन तिवारी, सुरेश शाह, प्रियंका कुमारी तथा शिवाजीनगर थाना के अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, मीनू कुमारी, मुकेश कुमार सिंह, सुलेखा, अंबिका सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी, स्कूली बच्चे एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

*स्वच्छता को संस्कृति बनाने का संकल्प, अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर – Doorbeen News*

स्वच्छता को संस्कृति बनाने का संकल्प, अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *