व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में गुरुवार को करवा चौथ का पर्व श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और दांपत्य जीवन में प्रेम व खुशहाली की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखा। सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार व्रत का संकल्प लिया और दिनभर भगवान से अपने पति की दीर्घायु तथा परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना करती रहीं। पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शाम होते-होते सोलह शृंगार से सजी महिलाओं को चांद निकलने का इंतजार था।
करवा चौथ को लेकर कई महिलाओं ने सुबह मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद दिनभर बिना अन्न और जल ग्रहण किए व्रत रखा। दोपहर और शाम के समय कई घरों में महिलाओं ने एकत्रित होकर करवा चौथ व्रत की कथा सुनी।


इस दौरान चौथ माता की महिमा, व्रत की परंपरा और पति-पत्नी के अटूट रिश्ते से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं का स्मरण किया गया। महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और परिवार की खुशहाली की कामना की।
पर्व को लेकर महिलाओं में कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। गुरुवार को महिलाओं ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान पहने, हाथों में मेहंदी रचाई और चूड़ियों, बिंदी, सिंदूर, मंगलसूत्र सहित अन्य शृंगार सामग्री से सजकर पूजा की। शाम के समय घरों में पूजा की थालियां सजाई गईं। करवा, दीपक, मिठाइयों और पूजन सामग्री के साथ महिलाओं ने निर्धारित विधि से पूजा-अर्चना की। जैसे ही आसमान में चंद्रमा दिखाई दिया, व्रती महिलाओं ने छलनी से पहले चंद्रदेव और फिर अपने पति का चेहरा देखा।


इसके बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने भी महिलाओं के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। करवा चौथ को लेकर शिवाजीनगर प्रखंड क्षेत्र के बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल बनी रही। कपड़े, कॉस्मेटिक, ज्वेलर्स और शृंगार सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ देखी गई। खासकर करवा, पूजा की थाली, छलनी, दीपक, मेहंदी और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही अधिक रही।
महिलाओं ने पर्व की जरूरतों के अनुसार खरीदारी की। ब्यूटी पार्लरों में भी सजने-संवरने के लिए महिलाओं की अच्छी-खासी भीड़ रही। शंभूगंज बाजार के ब्यूटी पार्लरों में दिनभर महिलाओं का आना-जाना लगा रहा।
बाजार में बढ़ी भीड़ के कारण कई जगहों पर बाइकों की आवाजाही से जाम जैसी स्थिति भी उत्पन्न हुई।

इसके बावजूद महिलाओं में पर्व को लेकर उत्साह कम नहीं हुआ। घरों में पूजा-पाठ और बाजारों में खरीदारी के बीच पूरे क्षेत्र में करवा चौथ की रौनक देखने को मिली।
धार्मिक आस्था और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा यह पर्व पति-पत्नी के बीच प्रेम, विश्वास और समर्पण के भाव को मजबूत करने का संदेश देता नजर आया। चांद के दीदार के साथ व्रत का पारण होते ही महिलाओं के चेहरे पर खुशी और संतोष दिखाई दिया।


*मोबाइल छीनकर भाग रहे अपराधियों ने ग्रामीणों पर चलाई गोली, अपने ही साथी को लगी; एक आरोपी गिरफ्तार – Doorbeen News*
मोबाइल छीनकर भाग रहे अपराधियों ने ग्रामीणों पर चलाई गोली, अपने ही साथी को लगी; एक आरोपी गिरफ्तार





